बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 12 फरवरी। सुहेला-चांडी के नवनिर्वाचित पंच-सरपंच और ग्रामीणों ने बीबीसी कैनाल की शाखा नहर के माध्यम से गांव के सिंचाई बांध में पानी पहुंचाने का प्रयास किया। ग्रामीणों का कहना है कि यह कार्य श्री सीमेंट संयंत्र और सिंचाई विभाग के सहयोग से संभव हो सका।
ग्रामीणों के अनुसार बीबीसी कैनाल बनने के समय गांव के लिए शाखा नहर बनाई गई थी, लेकिन जमीन का स्तर ऊंचा होने और नहर की गहराई कम होने के कारण बांध तक पानी नहीं पहुंच पा रहा था। हाल के समय में भूजल स्तर गिरने से गांव के ट्यूबवेल प्रभावित हुए, जिससे पेयजल की समस्या उत्पन्न हुई। ग्रामीणों का कहना है कि पानी की आवश्यकता को देखते हुए प्रतिदिन टैंकरों से पानी की आपूर्ति की जा रही थी।
नवनिर्वाचित सरपंच सत्यभामा तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने बताया कि उन्होंने जिला प्रशासन, संयंत्र प्रबंधन और सिंचाई विभाग को आवेदन देकर नहर को गहरा करने की मांग की। इसके बाद लगभग डेढ़ किलोमीटर शाखा नहर की सफाई और गहराई बढ़ाने का कार्य किया गया। ग्रामीणों के अनुसार इस कार्य में स्थानीय युवाओं ने भी सहयोग किया।
ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार रात बांध में पानी पहुंचना शुरू हुआ। श्री सीमेंट के सीएसआर अधिकारी अशोक वर्मा और अभय प्रताप सिंह ने कहा कि कंपनी जनहित से जुड़े कार्यों में सहयोग करती रही है। ग्रामीणों का कहना है कि बांध में पानी भरने से क्षेत्र के जल स्रोतों के जलस्तर में सुधार होने की संभावना है और सिंचाई में भी सुविधा मिलेगी।


