बलौदा बाजार
बलौदाबाजार, 7 फरवरी। थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र में एक वृद्ध महिला के साथ रेप के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रिपोर्ट मिलने के कुछ घंटों के भीतर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार 6 फरवरी को प्रार्थिया द्वारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दोपहर लगभग 2 बजे एक बीमार वृद्ध महिला के साथ रेप की घटना हुई। शिकायत में बताया गया कि घटना के दौरान एक आरोपी वारदात में शामिल था, जबकि दूसरा आरोपी वहां मौजूद रहकर उसका सहयोग कर रहा था। प्रार्थिया के मौके पर पहुंचने पर दोनों आरोपी वहां से भाग गए।
शिकायत के आधार पर थाना सिटी कोतवाली में मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देश पर थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान एक आरोपी ने दुष्कर्म करने तथा दूसरे आरोपी ने घटना में सहयोग करने की बात स्वीकार की। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों श्याम यादव, मोहन पंजवानी दोनों निवासी बलौदाबाजार को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।


