बलौदा बाजार
बलौदाबाजार, 7 फरवरी। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने एक युवती की निजी तस्वीरें इंस्टाग्राम पर अपलोड कर उसे बदनाम करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 6 फरवरी को प्रार्थिया ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी निखिल ठाकुर बलौदाबाजार द्वारा इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी निजी फोटो साझा की गई है, जिससे उसकी सामाजिक छवि प्रभावित हो रही है। प्रार्थिया का कहना है कि मना करने के बावजूद आरोपी ने फोटो अपलोड की और जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान है।
शिकायत के आधार पर थाना सिटी कोतवाली में धारा 79, 351(2) भारतीय न्याय संहिता तथा आईटी एक्ट की धारा 67 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देश पर थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी निखिल ठाकुर को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने इंस्टाग्राम आईडी के माध्यम से प्रार्थिया की फोटो साझा करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी को 6 फरवरी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।


