बलौदा बाजार
राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा माह का समापन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 5 फरवरी। पुलिस द्वारा 01 जनवरी से 31 जनवरीतक आयोजित राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा माह-2026 का समापन समारोह 4 फरवरी को गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समापन कार्यक्रम में सडक़ सुरक्षा, यातायात अनुशासन और जनभागीदारी का सशक्त संदेश दिया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता एवं वन मंडलाधिकारी गणवीर धम्मशील मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान यातायात नियमों के पालन को जीवन रक्षा का मूल आधार बताते हुए आम नागरिकों से सुरक्षित और अनुशासित वाहन चालन की अपील की गई।पूरे माह जिले में यातायात पुलिस द्वारा भीड़भाड़ वाले चौक-चौराहों, शैक्षणिक संस्थानों और ग्रामीण क्षेत्रों में पाम्पलेट वितरण, लाउडस्पीकर प्रचार, नुक्कड़ नाटक एवं हेलमेट रैली के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
बच्चों और युवाओं में जागरूकता बढ़ाने हेतु पेंटिंग, वॉल आर्ट, फोटोग्राफी एवं रील/वीडियो मेकिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें जिले भर से उत्साहजनक सहभागिता देखने को मिली।सडक़ सुरक्षा माह के अंतर्गत भारी वाहन चालकों के लिए स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण शिविर लगाए गए। वहीं आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बलौदाबाजार, भाटापारा एवं कसडोल में ड्राइविंग लाइसेंस शिविर आयोजित कर कुल 1173 नागरिकों के ड्राइविंग लाइसेंस बनाए गए। साथ ही यातायात नियमों के पालन को प्रोत्साहित करने हेतु नि:शुल्क हेलमेट का वितरण भी किया गया।
समापन कार्यक्रम में सडक़ दुर्घटनाओं के दौरान घायलों की सहायता कर मानवीय कर्तव्य निभाने वाले गुड सेमेरिटन ऑटो चालक अमित गर्ग और नीरज बंजारे को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा सडक़ सुरक्षा अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने वाले समन्वयकों और विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।पेंटिंग, वॉल आर्ट, फोटोग्राफी एवं रील/वीडियो मेकिंग प्रतियोगिताओं में विभिन्न आयु वर्गों के प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से ‘सडक़ सुरक्षा जीवन रक्षा’ का संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। रील/वीडियो मेकिंग प्रतियोगिता में राम अवतार निर्मलकर एवं उनकी टीम को प्रथम पुरस्कार तथा वेदप्रकाश वर्मा एवं उनकी टीम को द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह एवं एसडीओपी अपूर्वा क्षत्रिय द्वारा उपस्थित अतिथियों, पत्रकारों, स्कूली बच्चों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया। राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा माह-2026 के इस व्यापक अभियान ने जिले में यातायात जागरूकता को नई दिशा दी है और यह संदेश स्पष्ट किया है कि सडक़ सुरक्षा केवल नियम नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है।


