बलौदा बाजार

मायुमं का स्वास्थ्य जांच व रक्त परीक्षण शिविर
04-Feb-2026 4:04 PM
मायुमं का स्वास्थ्य जांच व रक्त परीक्षण शिविर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भाटापारा, 4 फरवरी।  मारवाड़ी युवा मंच ग्रेन सिटी शाखा के तत्वावधान में 2 फरवरी को कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, भाटापारा में छात्रावास की बालिकाओं हेतु स्वास्थ्य जांच एवं रक्त परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान बालिकाओं के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ उन्हें जूस, कॉपी एवं पेन का वितरण भी किया गया।

     कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्यामा पटेल, एसडीएम भाटापारा उपस्थित रहीं, जिन्हें मंच द्वारा ससम्मान स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। एसडीएम ने छात्राओं से उनके स्वास्थ्य, शिक्षा एवं दैनिक समस्याओं के संबंध में संवाद किया तथा नवीन पदस्थ अधीक्षिका श्रद्धा अग्रवाल के साथ छात्रावास परिसर का निरीक्षण भी किया।

विशेष अतिथि पत्रकार सत्यनारायण (सत्तू) पटेल एवं मुंबई से पधारे साठे कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने छात्राओं को रामायण की चौपाइयों के माध्यम से विद्या एवं संस्कार का महत्व समझाया।

उन्होंने बालिकाओं को मन लगाकर पढ़ाई करने एवं लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर अपनी मंजिल प्राप्त करने का मार्गदर्शन दिया।

   इस अवसर पर पत्रकार सत्यनारायण पटेल ने कहा कि आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास के साथ यदि लक्ष्य की ओर बढ़ा जाए तो सफलता अवश्य मिलती है।

    कार्यक्रम में मारवाड़ी युवा मंच ग्रेन सिटी शाखा के अध्यक्ष कैलाश बंसल, उपाध्यक्ष आशीष टोडर, सह-सचिव भावेश अग्रवाल, बीईओ भास्कर देवांगन, बीआरसीसी दुर्गेश शर्मा, संकुल समन्वयक मुकेश देवांगन, पार्षद कुंजराम कोशले, गोवर्धन डहरिया, बंटी टंडन सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट