बलौदा बाजार
भाटापारा, 3 फरवरी। अखंड ब्राम्हण समाज नारी प्रकोष्ठ व सरयू साहित्य परिषद ने दशोदा देवी को श्रद्धांजलि दी।
दशोदा देवी ने 97 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली तथा अपने पीछे चार पुत्रों वीरेन्द्र शर्मा,सुशील शर्मा पूर्व कृषि उपज मंडी अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, जितेन्द्र शर्मा एवं एक पुत्री ममता मिश्रा सहित नाती पोते के रुप में भरा पूरा परिवार छोडक़र गयी है। शहर में उनकी स्मृति का स्मरण करने एवं उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करने का क्रम जारी है।
निवास में पंहुचकर लोग अपनी भाव अभिव्यक्ति एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर रहे हंै साथ ही साथ संस्थाओं द्वारा भी श्रद्धांजलि अर्पित करने का क्रम जारी है, इसी कड़ी में नगर की रचनात्मक संस्था सरयू साहित्य परिषद एवं अखंड ब्राम्हण समाज सेवा समिति नारी प्रकोष्ठ द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित की गयी।
यज्ञस्थल में श्रद्धांजलि अर्पण
सरयू साहित्य परिषद द्वारा यज्ञस्थल नाका नंबर एक में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गयी तथा परिषद के अध्यक्ष गौरीशंकर शर्मा द्वारा दशोदा देवी के जीवनवृत्त पर प्रकाश डालते हुए उनके जीवन-मूल्यों का स्मरण किया गया,वहीं पत्रकार मुकेश शर्मा ने माँ के प्रेरणादायी जीवन का स्मरण करते हुए अपनी भाव अभिव्यक्ति प्रस्तुत की। उसके उपरांत उपस्थित सदस्यों द्वारा दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। इस अवसर पर पं दुर्गा प्रसाद तिवारी रामजी शर्मा,प्रकाश तिवारी आदि प्रमुख रुप से उपस्थित थे।
अखंड ब्राम्हण समाज द्वारा श्रद्धासुमन अर्पण
अखंड ब्राम्हण समाज सेवा समिति नारी प्रकोष्ठ द्वारा नवधा रामायण मंडप मे आयोजित कार्यक्रम में दशोदा देवी को श्रद्धांजलि अर्पित की गयी तथा इस अवसर पर उपस्थित उनके सुपुत्र पूर्व कृषि उपज मंडी अध्यक्ष सुशील शर्मा द्वारा भावुकता के साथ ममतामयी माँ से जुड़े प्रसंगों एवं उनके व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। उसके उपरांत उपस्थित समस्त जनों द्वारा दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गयी।
इस अवसर पर बिलासपुर से आये प्रांत पदाधिकारी योगेश तिवारी चित्रा तिवारी सहित सभी ब्राम्हण प्रकल्पों के महिला प्रमुख समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य गण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।


