बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 3 फरवरी। स्थानीय जैन समाज द्वारा आयोजित पंचकल्याणक महोत्सव का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर जैन मंदिर में भगवान की मूर्ति का महा अभिषेक एवं विधि-विधान के साथ प्राणप्रतिष्ठा कार्यक्रम आयोजित किया गया।
समारोह के दौरान जैन समाज के वरिष्ठजन, महिलाएं और युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने श्रद्धा भाव से पूजन-अर्चन एवं आरती में भाग लिया। नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन ने भी धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होकर स्नान, पूजन एवं अभिषेक किया। पांच दिवसीय इस धार्मिक आयोजन के दौरान नगर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। विभिन्न पूजन विधानों और धार्मिक कार्यक्रमों के चलते लोगों में उत्साह और आस्था का माहौल देखने को मिला। मंदिर की साज-सज्जा और सुंदरता भी श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनी रही। कार्यक्रम में पूज्य मुनि महाराज के दर्शन का भी अवसर श्रद्धालुओं को प्राप्त हुआ। पंचकल्याणक महोत्सव में जैन समाज के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में नगरवासी भी शामिल हुए और धार्मिक आयोजनों में सहभागिता निभाई।


