बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 18 जनवरी। मां महा मैत्रायणी योगिनी निर्वाण दिवस पर श्री सर्वेश्वरी समूह शाखा भाटापारा की महिला सदस्यों द्वारा ग्राम धौराभाठा स्थित विभिन्न देवालय में झाड़ू का वितरण किया गया। शाम 5 बजे धौराभाठा (सिद्ध बाबा) की 35 महिला कमांडो तथा पंचों व सरपंच को तिलक लगाकर कंबल व श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके अदम्य साहस, धैर्य, आपसी सामंजस्य व निरंतर चौकसी से प्रभावित होकर दिया गया।
बताया गया कि महिला कमांडो के कारण ही ग्राम धौराभाठा में खुलेआम शराब पीने पर पाबंदी लगी एवं गांव की गलियों में होने वाले झगड़ा बंद हो गए हैं। यह सब महिला कमांडो व उनके नेतृत्वकर्ता कुलवंती ध्रुव सरपंच तथा उनके पति अमर जो कि सरपंच प्रतिनिधि भी है, के अथक प्रयास का सुखद परिणाम है। सम्मान के पूर्व महिला कमांडो के द्वारा अपने अनुभव रूपी विचार प्रस्तुत किए गए।
अमर ध्रुव ने महिला कमांडो के गठन की मंशा इनकी गति तथा निरंतता पर प्रकाश डाला। समूह शाखा उपाध्यक्ष राकेश तिवारी ने उनके कार्यों की प्रशंसा करते हुए हर कदम उनके साथ होने का विश्वास दिलाया। उक्त जानकारी संजय तिवारी प्रचार मंत्री समूह शाखा भाटापारा ने दी।


