बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 10 जनवरी। कृषि उपज मंडी बलौदाबाजार में समाज कल्याण विभाग के माध्यम से माँ रिहेब आसरा एलिम्को द्वारा पूर्व में चिन्हांकित 81 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन उपस्थित थे। जिला पंचायत अध्यक्ष ने उपस्थितों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल ने कहा कि शासन द्वारा दिव्यांगजनों के लिए अनेक योजनाएँ चलाई जा रही है इनमें एक महत्वपूर्ण योजना सहायक उपकरण भी है। उन्होंने कहा कि सहायक उपरकण से आपको दैनिक कार्य करने और बाहर आने-जाने तथा आपके व्यवसाय में आवश्यक रूप से सहयोग मिलेगा। नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन ने दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण मिलने पर बधाई दी एवं सभी को नशे से होने वाले दुष्प्रभाव तया सडक़ नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग की उप संचालक सिनीवाली गोयल तथा समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।


