बलौदा बाजार

बलौदाबाजार में इस साल 87.92 लाख क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य, लिमिट कम होने से किसान परेशान
09-Dec-2025 9:01 PM
 बलौदाबाजार में इस साल 87.92 लाख क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य, लिमिट कम होने से किसान परेशान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 9 दिसंबर। बलौदाबाजार जिले में धान खरीदी की रफ्तार को लेकर किसान असंतोष जता रहे हैं। जिले को इस वर्ष 87 लाख 92 हजार क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य दिया गया है। 16 दिनों में लगभग 15 लाख क्विंटल धान खरीदा गया है। शेष 35 दिनों में 65 लाख 72 हजार क्विंटल धान की खरीदी होना बाकी है।

इस स्थिति में लक्ष्य पूरा करने के लिए प्रतिदिन औसतन 1,87,771 क्विंटल धान खरीदी की आवश्यकता होगी। वर्तमान खरीदी क्षमता 1,36,000 क्विंटल प्रतिदिन बताई जाती है। इन दोनों के बीच प्रतिदिन का अंतर लगभग 52 हजार क्विंटल का है।

किसानों का कहना है कि खरीदी सीमा कम होने के कारण वे समय पर धान नहीं बेच पा रहे हैं। विधायक संदीप साहू ने भी खरीदी लिमिट बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने छेरकापुर और लच्छनपुर खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया।

छेरकापुर समिति में किसानों ने उन्हें बताया कि खरीदी लिमिट के कारण वे धान नहीं भेज पा रहे। किसानों ने यह भी कहा कि समिति में 15 लाख रुपये के गमन का मुद्दा लंबित है।

विधायक साहू ने एसडीएम दीपक निकुंज को मामले की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

टोकन और खरीदी सीमा के कारण कई केंद्रों पर लंबा इंतजार बताया जा रहा है। किसानों ने कहा कि खरीदी में देरी से धान के खुले में पड़े रहने की समस्या बढ़ रही है।

खरीदी केंद्रों पर काम करने वाले हमाल मजदूरों ने बताया कि पहले उन्हें प्रतिदिन अधिक गाडिय़ों का काम मिलता था, जबकि वर्तमान में गाडिय़ों की संख्या कम होने से उनकी दैनिक मजदूरी प्रभावित हुई है। मजदूरों के अनुसार, पहले वे लगभग 20-25 ट्रैक्टर उतारते थे, जबकि अब यह संख्या 5-7 के बीच रह गई है।

जिला विपणन अधिकारी की ओर से यह कहा गया है कि खरीदी की सभी गतिविधियां निर्धारित प्रक्रिया के तहत चल रही हैं और लक्ष्य समय सीमा में पूरा कर लिया जाएगा।

जिला नोडल अधिकारी जी.एन. साहू ने कहा कि जिले के वास्तविक किसानों का धान तय समय सीमा में खरीदा जाएगा और धान खरीदी से जुड़े सभी कार्य जारी हैं।


अन्य पोस्ट