बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 28 नवंबर। सर्व ब्राह्मण समाज बलौदाबाजार ने पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता को ज्ञापन सौंपकर संतोष वर्मा (आईएएस), जो मध्यप्रदेश में आजास्क के प्रांतीय अध्यक्ष हैं, के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 196, 298, 299, स्त्री अशिष्ट रूपण प्रतिषेध अधिनियम की धारा 4, तथा आईटी एक्ट की धारा 153 और सेशन 67 के तहत अपराध पंजीकृत करने की मांग की है।
सर्व ब्राह्मण समाज का कहना है कि संतोष वर्मा द्वारा ब्राह्मण समाज की बेटियों के संबंध में एक कथन दिया गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ। समाज के प्रतिनिधियों ने इसे अनुचित बताते हुए कहा कि इससे ब्राह्मण समाज की प्रतिष्ठा प्रभावित हुई है तथा सामाजिक सौहार्द बिगडऩे की आशंका बनी है।
समाज की ओर से कहा गया कि संतोष वर्मा प्रशासनिक अधिकारी हैं, इसलिए उन्हें नियम और कानून की जानकारी होते हुए भी ऐसा कथन नहीं देना चाहिए था। समाज ने मांग की है कि उनके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर प्रशासनिक कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन सौंपने वालों में सर्व ब्राह्मण समाज बलौदाबाजार के अध्यक्ष श्याम कुमार शुक्ला, कुमार विष्णुधर दीवान, राजकुमार तिवारी, किशोर बाजपेयी, राजीव लोचन शुक्ला, संतोष तिवारी, शशि शुक्ला, सुशील तिवारी, मनोज कुमार दुबे, संकेत शुक्ला, संजय पांडे, गार्गी शंकर बाजपेयी, अभिषेक तिवारी, नितेश शर्मा, प्रसन्न दीवान, आर्यन शुक्ला, महान मिश्रा, प्रमोद शुक्ला, नरेंद्र शुक्ला, प्रवीण पांडेय सहित ब्राह्मण समाज के सदस्य शामिल थे।


