बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 25 नवंबर। जिला अधिवक्ता संघ बलौदाबाजार द्वारा 21 नवंबर को जिला न्यायालय परिसर में ‘विधि के शासन—न्याय की आधारशिला’ विषय पर सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई।
संबोधन में मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि लोकतंत्र में ‘विधि का शासन’ यह सुनिश्चित करता है कि कानून सर्वोपरि हो और कोई भी व्यक्ति, संस्था या पद कानून से ऊपर न हो।
उन्होंने कहा कि विधि का शासन समाज के कमजोर वर्गों, महिलाओं, बच्चों, पीडि़तों और विचाराधीन बंदियों को समान न्याय दिलाने का आधार है। उनके शब्दों में—‘विधि का शासन ही कमजोरों को शक्तिशाली से सुरक्षा प्रदान करता है और शासन में समानता, निष्पक्षता, जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करता है।’
मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि न्यायपालिका, अधिवक्ता और अभियोजन मिलकर न्याय प्रणाली को मजबूती प्रदान करते हैं। अधिवक्ताओं की भूमिका पर उन्होंने कहा—अधिवक्ता न्याय प्रणाली के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। आम नागरिक सबसे पहले अधिवक्ता से न्याय की आशा लेकर मिलता है। वे केवल मुकदमों का प्रतिनिधित्व नहीं करते, बल्कि न्याय के वाहक, अधिकारों के रक्षक और संविधान के प्रहरी होते हैं।
उन्होंने कहा कि अधिवक्ता का दायित्व अपने पक्षकार के साथ-साथ न्यायालय, समाज और संपूर्ण न्याय व्यवस्था के प्रति होता है।
मुख्य न्यायाधीश ने न्यायालयीन कार्य में अधोसंरचना, मूलभूत सुविधाओं और तकनीक के उपयोग की आवश्यकता का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल कोर्ट, ई-फाइलिंग और वर्चुअल सुनवाई की प्रणालियाँ तेजी से विकसित हो रही हैं, और इनमें अधिवक्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि तकनीक न्यायिक प्रक्रिया की गति और पारदर्शिता को बढ़ा सकती है।
संबोधन के अंत में उन्होंने कहा कि ‘विधि का शासन’ विषय केवल एक दिन की चर्चा न होकर कार्यप्रणाली का निरंतर हिस्सा होना चाहिए।
कार्यक्रम में न्यायमूर्ति रजनी दुबे, न्यायमूर्ति राकेश मोहन पाण्डेय और न्यायमूर्ति बिभू दत्त गुरु उपस्थित रहे। इन सभी ने विधि के शासन के विभिन्न आयामों पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ अधिवक्ता भूपेंद्र ठाकुर के स्वागत उद्बोधन से हुआ।
कार्यक्रम का समापन जिला अधिवक्ता संघ बलौदाबाजार के अध्यक्ष मोहम्मद शारिक खान के धन्यवाद प्रस्ताव से हुआ।
सेमिनार में रजनीश श्रीवास्तव (रजिस्ट्रार जनरल), सुब्रमण्यम स्वामी (पीपीएस), रविंद्र सिंह नेगी (प्रोटोकॉल अधिकारी, छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय) सहित जिला बलौदाबाजार के न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी, अधिवक्ता, न्यायालयीन कर्मचारी तथा मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।