बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 6 नवंबर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ हस्ताक्षर अभियान के तहत भाटापारा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। इस दौरान लगभग 15 हजार हस्ताक्षरित फार्म एकत्र किए गए।
इन फार्मों को विधायक इन्द्र साव द्वारा प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक बैज के माध्यम से दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय भेजा जा रहा था। अपने विधानसभा क्षेत्र सिमगा में अभियान वाहन को रोककर विधायक साव ने लगभग 15 हजार फार्म स्वयं सौंपे।
इस अवसर पर विधायक इन्द्र साव ने कहा कि, राहुल गांधी जी ने देश में हुई वोट चोरी का सच सामने लाकर लोकतंत्र की रक्षा का अलख जगाया है। अब जनता और कांग्रेस कार्यकर्ता इस लड़ाई में मजबूती से साथ हैं।
अभियान के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखा गया। इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि शैली भाटिया, दामाखेड़ा मंडल अध्यक्ष श्यामलाल देवांगन,ढेकुना मंडल अध्यक्ष हीरालाल साहू,मंगेश्वर साहू, अश्वनी साहू, तुषार मानिकपुरी, अय्यूब खान, बुद्ध दास वैष्णव सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


