बलौदा बाजार

वृद्ध महिला पर हमला लूट, आरोपी गिरफ्तार
04-Nov-2025 4:23 PM
वृद्ध महिला पर हमला  लूट, आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाज़ार, 4 नवंबर।  बलौदाबाजार जिले के पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम छेरकापुर में एक वृद्ध महिला पर धारदार हथियार से हमला कर लूट की वारदात को अंजाम देने के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार जब्त  किया है।

पुलिस के अनुसार, 29 सितम्बर को ग्राम छेरकापुर निवासी सौरभ कुमार साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दोपहर करीब 3.30 बजे उसके माता-पिता खेत से घर लौटे तो उन्होंने देखा कि सौरभ की दादी गीता साहू घर के कमरे में घायल अवस्था में पड़ी थीं। परिजनों के अनुसार, गीता साहू ने बताया कि उनके घर नाई आया था, जिसने गला दबाकर और धारदार हथियार से वार कर उन्हें घायल किया तथा उनके पैर में पहने दो चांदी के लच्छे लेकर चला गया।

शिकायत के आधार पर थाना पलारी में अपराध क्रमांक 362/2025 धारा 333, 309(4), 109 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में थाना पलारी पुलिस ने जांच शुरू की। कार्यपालिक दंडाधिकारी की उपस्थिति में घायल महिला का बयान लिया गया, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी घनश्याम सेन  निवासी ग्राम बलौदी, वर्तमान निवासी ग्राम छेरकापुर को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त उस्तरा/चाकू बरामद किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को 3 नवम्बर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस का कहना है कि यह घटना लूट के उद्देश्य से की गई थी। घायल गीता साहू का उपचार जारी है।


अन्य पोस्ट