बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 16 मई। तिल्दा थाना क्षेत्र के ग्राम छैछानपैरी स्थित आरटेक इंफ्रा इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में काम कर रहा एक मजदूर घायल हो गया, अस्पताल ले जाते रास्ते में उसकी मौत हो गई। इस हादसे के बाद मजदूरों में आक्रोश है।
बताया गया कि फैक्ट्री में पेट्रोल पंप के लिए टंकी निर्माण का कार्य चल रहा था, इसी दौरान एक तकनीकी चूक या सुरक्षा व्यवस्था की कमी के चलते यह हादसा हुआ। कंपनी प्रबंधन ने आनन-फानन में घायल मजदूर 21 वर्षीय मजदूर नंदन कुमार यादव निवासी बिहार को रायपुर ले जाने की कोशिश की, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
इस घटना के बाद मजदूरों में भारी आक्रोश देखा गया। उन्हें शांत कराने के लिए कंपनी प्रबंधन को समझाइश देनी पड़ी। मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
घटना के बाद मीडिया द्वारा सवाल पूछे जाने पर कंपनी के एचआर प्रबंधक और अन्य अधिकारी चुप्पी साधे रहे और जवाब देने से बचते नजर आए।
स्थानीय लोगों और मजदूरों का आरोप है कि कंपनी में सुरक्षा के जरूरी उपायों की भारी कमी है। वहीं इस मामले में तिल्दा थाना पुलिस जांच शुरू कर दी है।
सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं- प्रत्यक्षदर्शी
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना सुबह 10 बजे की है। सुरक्षा का यहां कोई इंतजाम नहीं है। काम करने के दौरान हादसा हुआ है। उसके बाद मजदूर को तिल्दा रेफर किया गया था, जहां से उसे रायपुर रेफर कर दिया गया है। आगे बताया कि किट के नाम पर यहां कुछ नहीं मिलता है। केवल दस्ताने दिये जाते हैं, उसके भी फटने के बाद दोबारा मांगने पर मना कर दिया जाता है।
फिलहाल, प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।


