बलौदा बाजार

छुईहा बांध के गहरीकरण से भूमिगत जल स्रोत बढ़ेगा -पालिका अध्यक्ष जैन
15-Apr-2025 7:57 PM
छुईहा बांध के गहरीकरण से भूमिगत जल स्रोत बढ़ेगा -पालिका अध्यक्ष जैन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 15 अप्रैल। बलौदाबाजार नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत भूमिगत जल स्रोत सूखने के कारण वार्डों में भीषण गर्मी के मौसम में पेयजल की समस्या अक्सर बने रहती है। इस हेतु नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन ने नगर के समीप छुईहा बांध को गहरीकरण किए जाने की मांग रखी।

छुईहा बांध से नगर के तालाबों में पानी की आपूर्ति की जाती है, जिससे नगर का भूमिगत जल स्रोत बढऩे से पेयजल की दिक्कत कम होती है। नगर के समीप छुईहा बांध की गहराई कम होने से पानी रुक नहीं पाता जिसके कारण गर्मी के मौसम में नगर बलौदाबाजार के तालाबों को पानी की आपूर्ति नहीं हो पाती। साथ ही असा-पास के गांव का जलस्तर भी नीचे चला जाता है, जल आपूर्ति हेतु भूमिगत जल स्रोत बढ़ाने के लिए छुईहा बांध का जलस्तर बढ़े इसके लिए गहरीकरण एवं छुईहा बांध का सौंदर्यीकरण किया जाना अत्यंत महत्वपूर्ण है।

नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन ने इस संबंध में कलेक्टर बलौदाबाजार को कहा-छुईया बांध के सौंदर्यीकरण किए जाने से नगर बलौदाबाजार को एक बेहतर पर्यटन क्षेत्र भी मिलेगा नगर से 3 किलोमीटर से भी कम दूरी पर स्थित छुईया डेम पूर्ण रूप से अपेक्षित सा है, इस पर ध्यान दिया जाना अत्यंत आवश्यक है। यह कार्य सभी नगर वासियों के हित में बेहद आवश्यक है। छुईहा बांध के गहरीकरण से नहर नाली के माध्यम से नगर बलौदाबाजार सहित आस-पास के कृषि उत्पादन करने वाले किसानों को भी आसानी से जल की आपूर्ति की जा सकेगी।


अन्य पोस्ट