बलौदा बाजार

भाजपा के जितेंद्र बने पालिका उपाध्यक्ष
11-Mar-2025 8:18 PM
भाजपा के जितेंद्र बने पालिका उपाध्यक्ष

बलौदाबाजार, 11 मार्च। नगर पालिका में भारतीय जनता पार्टी ने एक और महत्वपूर्ण जीत दर्ज की है। उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में वार्ड क्रमांक 21 के पार्षद जितेंद्र महले ने 14 वोट हासिल कर कांग्रेस प्रत्याशी सुरेश धृतलहरे को पराजित किया। कांग्रेस को मात्र 7 वोट ही मिले।

सोमवार सुबह से ही भाजपा जिला कार्यालय में उपाध्यक्ष पद को लेकर गहमागहमी बनी हुई थी। बैठकों का दौर जारी था। विभिन्न नामों पर विचार विमर्श के बाद अंतत: भाजपा ने जितेंद्र महले के नाम पर मोहर लगाई।

वहीं कांग्रेस को क्रॉस वोटिंग की संभावनाओं से काफी उम्मीद थी। कांग्रेस के पास केवल 7 पार्षद थे। लेकिन अंतिम समय में पहली बार चुनाव जीते सुरेश धृतलहरे को मैदान में उतर कर सबको चौंका दिया। हालांकि वोटिंग के बाद आए नतीजे ने कांग्रेस को निराश कर दिया। क्योंकि परिणाम 14-7 से भाजपा के पक्ष में गया।

नगर पालिका में भाजपा की स्थिति मजबूत

बलौदाबाजार नगर पालिका में कुल 21 वार्ड है, जिसमें से भाजपा के 12 पार्षद चुनाव जीतकर आए हैं। कांग्रेस को केवल 7 वार्डों में जीत मिली जबकि 2 निर्दलीय पार्षद भी निर्वाचित हुए। इस चुनाव में भाजपा को निर्दलीय परिषदों का भी समर्थन मिला जिससे उपाध्यक्ष पद पर उसकी पकड़ और मजबूत हो गई। निर्दलीय पार्षदों ने भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया। जिससे जितेन्द्र महले को कल 14 वोट मिले। अंतत: पार्टी ने वार्ड क्रमांक 21 के जितेन्द्र महले के नाम पर मोहर लगाई।

चुनाव प्रक्रिया में भाजपा के ही एक अन्य दावेदार पार्षद रोहित साहू अनुपस्थित रहे।

भाजपा ने चार बार के विजेता पार्षद को दिया उपाध्यक्ष पद भाजपा ने नगर पालिका चुनाव में लगातार चार बार जीत दर्ज करने वाले जितेन्द्र महले को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी है।

अपने राजनीतिक जीवन में उन्होंने हर चुनाव में सफलता का परचम लहराया है। नगर निकाय चुनाव में कभी आरक्षण नीति के कारण तो कभी पार्टी के नेतृत्व के निर्देशों के चलते उन्हें अलग-अलग वार्डो से चुनाव लडऩा पड़ा लेकिन हर बार उन्होंने जीत हासिल कर अपनी अपराजेय छवि बनाई। जनता के बीच उनकी मजबूत पकड़ और प्रभावी कार्यशैली ने उन्हें हर वार्ड में लोकप्रिय बनाया। उनकी निरंतर सफलता को देखते हुए भाजपा ने उन्हें उपाध्यक्ष पद से सम्मानित किया है। इस फैसले से उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई है।

सिद्धांतों के साथ नगर के विकास के लिए समर्पित रहूंगा

वहीं उपाध्यक्ष चुने जाने के बाद जितेन्द्र महले ने कहा कि मैं अपनी पार्टी और वरिष्ठ नेतृत्व के साथ सभी समर्थन करने वाले परिषदों का हार्दिक धन्यवाद करता हूं जिन्होंने मुझ पर विश्वास कर यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी। यह मेरा सौभाग्य है कि मुझे पार्टी की नीतियों और दृष्टिकोण को धरातल पर लागू करने का अवसर मिला है। मैं पार्टी की मूल विचारधारा और सिद्धांतों को ध्यान में रखते हुए नगर के विकास के लिए समर्पित रहूंगा और पार्टी को गौरवान्वित  करने का हर संभव प्रयास करूंगा।


अन्य पोस्ट