बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 27 नवम्बर। खाद्य विभाग की टीम ने गुरुवार को विकासखण्ड सिमगा के राइस मिलों में छापा मारा, जिसमें दो राइस मिलों मे 6.83 करोड़ रुपए के 28871 क्विंटल धान की कमी पकड़ी गई।
जिला खाद्य अधिकारी पुनीत वर्मा ने बताया कि सिमगा विकासखंड अंतर्गत ग्राम मोहरा स्थित श्री श्याम राइस इंडस्ट्रीज एवं सलूजा इंडस्ट्रीज में टीम के द्वारा दबिश दी गई। श्री श्याम राइस इंडस्ट्रीज मोहरा में 4,58,44,414 कीमत के 19,351.80 क्विटल धान कम पाया गया। इसी प्रकार सलूजा इंडस्ट्रीज में ? 22551553 मुल्य के 9519.44 क्विंटल धान की कमी पायी गयी ।
श्री श्याम राईस इंडस्ट्रीज द्वारा नागरिक आपूर्ति निगम व भारतीय खाद्य निगम में 14324.59 क्विंटल चावल जमा करना बाकि है परंतु मिल के गोदाम व मिल परिसर मे भौतिक रूप से केवल 190.50 क्विंटल चावल और 1,541.60 क्विंटल धान उपलब्ध पाया गया । इसी प्रकार सलूजा इंडस्ट्रीज के भौतिक सत्यापन में सिर्फ 3.60 क्विंटल धान व 12.0 क्विंटल चावल उपलब्ध पाया गया जबकि उक्त मिल को 6459.77 क्विंटल चावल नागरिक आपूर्ति निगम व भारतीय खाद्य निगम में जमा करना शेष है।
कमी पाए गए धान के सबंध में श्री श्याम राईस इंडस्ट्रीज मोहरा के संचालक राहुल अग्रवाल व सलूजा इंडस्ट्रीज के संचालक श्री दारा सिंह सलूजा द्वारा किसी भी प्रकार का दस्तावेजी साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया जा सका । दोनों राइस मिल संचालकों को अनेक बार चावल जमा करने निर्देशित करने उपरांत भी उनके द्वारा चावल जमा नहीं किया जा रहा था।