बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 1 मार्च। मॉडर्न इंग्लिश स्कूल के बच्चों ने शैक्षणिक भ्रमण के साथ खूब मस्ती के साथ लजीज व्यंजनों का लुफ्त उठाया। स्कूली बच्चों को शैक्षणिक भ्रमण के लिए शाला से सुबह 8.30 बजे एम एम फन सिटी, ‘आरंग’ चार बसों में ले जाया गया।
शैक्षणिक भ्रमण के उद्देश्य से यह पिकनिक आयोजित की गई थी। शिक्षा के साथ-साथ सार्वजनिक जीवन से परिचय कराना इसका मूल उद्देश्य था। शैक्षणिक भ्रमण छात्रों के जीवन में नए अनुभव सीखने के लिए महत्वपूर्ण है। इससे उन्हें कई सामाजिक गतिविधियों के बारे में सीखने में मदद मिलती है। वहां पर बच्चों ने प्राकृतिक सौंदर्य के आनंद के साथ तरह-तरह के एडवेंचर को देखा। इससे विद्यार्थियों में मानसिक विकास के साथ शारीरिक विकास को बल मिला। आजकल विद्यार्थी अपने घरों में कैद रहते हैं उनका बाहर घूमना, खेलना लगभग बंद सा हो गया है। इस तरह की पिकनिक, बाहर खेलने व सौहार्दपूर्ण सामाजिक संबंधों को जोडऩे का महत्वपूर्ण कार्य करती है। विद्यार्थी एक दूसरे के साथ मित्रवत, परस्पर सहयोग,त्याग,अपनत्व के साथ सार्थक जीवन जीने का आनंद लेते हैं। सभी ने दिनभर खेल कूद, तैराकी एवं विभिन्न राइडिंग का भरपूर आनंद उठाया। विद्यार्थियों के लिए शाला द्वारा स्वादिष्ट एवं मिष्ठान के साथ लंच की व्यवस्था की गई थी।
शैक्षणिक भ्रमण में लगभग 196 से अधिक छात्र-छात्राएं तथा 28 स्टाफ शामिल हुए।इस अवसर पर शाला प्राचार्या व शाला परिवार भी शामिल था।
धूमधाम से मना महाशिवरात्रि
साथ ही आज शाला में महाशिवरात्रि का पर्व बड़े धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर कक्षा एलकेजी के छात्र रुद्र कुमार सोनी ने भगवान शिव जी का रूप धारण किया। उनके दर्शन के लिए विद्यार्थी सभा स्थल में उपस्थित हुए। उनकी आरती, पूजा व अन्य धार्मिक कार्यक्रम विद्यालय प्राचार्या व स्टाफ के द्वारा आयोजित किए गए।
कक्षा सातवीं की सुश्री सोनाली माईती व कक्षा आठवीं से ठाकुर धर्म प्रताप सिंह ने महाशिवरात्रि के महत्व पर अपना उद्बोधन दिया। साथ ही शाला प्राचार्या द्वारा शिवजी के विशेष रूप एवं अद्भुत जीवन शैली की महिमा का गुणगान किया एवं उनके व्यक्तित्व को जीवन में उतारने के लिए प्रेरित किया।


