बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 29 जनवरी। म्युनिसिपल चुनाव के नामांकन के अंतिम दिन भाजपा के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अश्वनी शर्मा एवं 31 वार्डों के पार्षद प्रत्याशियों ने प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा, चुनाव प्रभारी देवजी भाई पटेल व पार्टी के पदाधिकारी-कार्यकर्ताओं के साथ रामसप्ताह चौक से नगर भ्रमण करते हुए तहसील चौक तक भव्य पैदल रैली के रूप में बाजे गाजे व नारेबाजी के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे, जिसमें हजारों का जनसैलाब देखा गया। इससे पहले कांग्रेस के अध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार, वरिष्ठ कांग्रेस नेता राधेश्याम शर्मा (फग्गा) ने भाजपा में प्रवेश किया।
कांग्रेस ने मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखा-शिवरतन
नामांकन रैली के पूर्व रामसप्ताह चौक स्थल पर प्रदेश उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा ने कहा कि भाजपा में सामूहिक नेतृत्व का भाव रहता है। भाजपा एकला चलो के रणनीति पर कार्य नहीं करती। जब जब भाजपा नगर पालिका सत्ता में आई है, नगर के मूलभूत ऐतिहासिक योगदान में अपनी भूमिका निभाई है।
शिवरतन शर्मा ने कहा कि पिछले 5 साल में नगर पालिका में मूलभूत विकास व स्वच्छता, शहर की खराब स्थिति किसी से छुपी नहीं है। पूर्व में शहर के विकास को लेकर किंग मैकर बने थे, उन्होंने शहर के विकास के लिये कोई प्रयास ही नहीं किया। नगर के लोगों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखा।
कांग्रेस पार्टी डूबती हुई नैया -देवजी भाई पटेल
कार्यक्रम को चुनाव प्रभारी पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल ने भी सम्बोधित किया और कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक विकासपरक सोच लेकर कार्य करने वाली पार्टी है। देवजी भाई पटेल ने अध्यक्ष पद सहित सभी 31 वार्डो में बड़ी जीत के साथ कमल खिलने की बात कही। देवजी भाई ने कहा कि कांग्रेस डूबती हुई नैया है।
नगर पालिका अध्यक्ष पद प्रत्याशी अश्वनी शर्मा ने भी उपस्थित नगरवासियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि नगर पालिका का मूल कार्य जनता को व्यवस्थित शहर, पानी, सफाई और बिजली देना होता है।
कांग्रेस शसित नगर पालिका इन सभी क्षेत्रों में नाकाम रहे। शहर में न तो विकास हुआ और न ही जनता को मूलभूत सुविधाएं मिल पाई।
अश्वनी शर्मा ने कहा कि पिछला नगर पालिका का पांच वर्ष का कार्यकाल अत्यंत निराशाजनक रहा और कांग्रेसी कार्य कराने में फिसड्डी साबित हुए। प्रदेश की सबसे बड़ी नगर पालिका के अनुरूप विकास कार्य शून्य हुए। भाटापारा शहर की जनता को एक भी सौगात वे नहीं दे पाए।
कार्यक्रम को पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष द्वय मोहन बांधे, ओम प्रकाश रात्रे, पूर्व उपाध्यक्ष नगर पालिका सुनील यदु, पूर्व नेता प्रतिपक्ष आशीष जायसवाल ने भी सम्बोधित किया।
कांग्रेस अध्यक्ष पद प्रबल दावेदार ने किया भाजपा प्रवेश
नामांकन रैली में कांग्रेस के अध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार राधेश्याम शर्मा (फग्गा) के नेतृत्व में मजदूर संघ के कामदेव खुटे,सम्मत बंजारे,राजू रात्रे,भगवान दास ने अपने सैकड़ों साथियों के साथ भाजपा अध्यक्ष प्रत्याशी अश्विनी शर्मा के समर्थन में रामसप्ताह चौक में भाजपा प्रवेश किया।।
फग्गा शर्मा ने कहा कि वरिष्ठ भाजपा नेता शिवरतन शर्मा के नेतृत्व में भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है, जो भाटापारा का समुचित विकास कर सकती है।। कांग्रेस पार्टी ने एक ऐसे व्यक्ति को नगर पालिका अध्यक्ष का अपना उम्मीदवार बनाया है जो पिछले 5 साल अपने घर के सामने का कचरा तक साफ नहीं करवा पाया, ऐसा व्यक्ति नगर का विकास कैसे कर सकता है।
उक्त अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा के हर मोर्चा प्रकोष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


