बलौदा बाजार
नए साल में कई चुनौतियां लेकिन उम्मीद का नया सवेरा भी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 2 जनवरी। शहर के लिए 2024 यहां कई मायनों में खास रहा, वहीं बुधवार से शुरू 2025 से भी उम्मीदें बढक़र है। रायपुर से बलौदाबाजार के बीच रायगढ़, जांजगीर चांपा, ओडिशा जाने वाली हैवी गाडिय़ां भी चलती हैं। ऐसे में लोगों के लिए इस रोड का इस्तेमाल करना खतरनाक साबित हो रहा है। ऐसे में सरकार ने रायपुर बलौदाबाजार फोरलेन की घोषणा की है।
जानकारी के अनुसार 130 बी नेशनल हाईवे में आने वाले इस सडक़ का सर्वे कार्य तथा डीपीआर के लिए 9 करोड़ का टेंडर हो चुका है। सर्वे भी शुरू हो गया है। उम्मीद है कि 25 में इसका काम भी शुरू हो जाएगा।
चौक चौराहों का होगा सौंदर्यीकरण
पालिका क्षेत्र के अंतर्गत नगर के चौक चौराहों का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। बलौदाबाजार के मुख्य चौक महात्मा गांधी का सौंदर्यीकरण तेजी से हो रहा है, वहीं नए साल में चौपाटी के पास शहर का प्रथम भारत माता चौक लोगों को देखने को मिल जाएगा।
1. डीके कॉलेज के सामने आउटडोर स्टेडियम में 8 लेन का सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक बनेगा। दौडऩे के लिए यह पहला बड़ा ट्रैक होगा।
2. 8 लेन वाले इस ट्रैक को बनने पर 8 करोड़ खर्च किए जाएंगे। दौड़ के लिहाज से इसे हर मापदंड पर फिट रखकर बनाएंगे।
3. पुलिस पेट्रोल पंप खुलेगा नगर में सिटी कोतवाली के ठीक बगल में बीते 2 सालों से पुलिस पेट्रोल पंप का काम चल रहा है। एसपी विजय अग्रवाल का दावा है कि 26 जनवरी या फरवरी तक पुलिस पेट्रोल पंप खुल जाएगा।
नए साल का बड़ा मुद्दा: कब्जों पर कार्रवाई
भाजपा सरकार एक ओर जहां पूरे प्रदेश में अवैध कॉलोनियों पर तगड़ी कार्रवाई कर रही है, वहीं बलौदा बाजार की बात ही अलग है। आरोप है कि यहां पालिका खुद करोड़ फूंककर अवैध कॉलोनियों में सडक़ें-नालियां बनवा रही है। शहर में पंचशील नगर जैसे कई रिहायशी इलाकों में यहां लोगों को कई साल से एक सडक़ नसीब नहीं, वहीं इन अवैध कॉलोनी वालों की बल्ले-बल्ले हैं। वार्ड नंबर 10 में संध्या फ्यूल्स के सामने एक निजी कॉलोनी ग्राम निवेश कार्यालय के रिकॉर्ड में अवैध है। यह शहर के पुरानी बस्ती में रहने वाले किसी व्यक्ति की है। पालिका इस कॉलोनी में सीसी रोड नाली बनवाने जा रहे हैं। यहां एक आरसीसी नाली और सीसी रोड पहले ही बन चुका। वहींं रोड से कॉलोनी तक पहुंच मार्ग का पालिका और संबंधित ठेकेदार के कर्मचारियों ने नाम-जोख भी कर लिया है।
ऑडिटोरियम कब खुलेगा ?
बलौदाबाजार में 1000 सीटर ऑडिटोरियम तैयार है। एक साल में इसका लोकार्पण दो बार टल चुका है। ऐसे में अब यह यक्ष प्रश्न बन गया है कि इसका उद्घाटन कब होगा? आज यह शहर के लिए सफेद हाथी बन चुका है जो केवल अपनी भव्यता से शहर की शान बढ़ा रहा है। काम कुछ नहीं आ रहा।
खुद कराया एफआईआर
21 फरवरी 2023 को पालिका के उपअभियंता ने सिटी कोतवाली में पांच अवैध विकासकर्ताओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई, इसके बावजूद इसमें से कुछ कॉलोनाइजर्स 2 साल से पालिका और नगर निवेश से अनुमति लिए बिना वैध प्लाटिंग कर सरकार को लाखों का चूना लगा रहे हैं। इधर जिम्मेदार चुप है।


