बलौदा बाजार

छत्तीसगढ़ के बाल साहित्यकार राजस्थान में होंगे सम्मानित
01-Jan-2025 3:57 PM
छत्तीसगढ़ के बाल साहित्यकार राजस्थान  में होंगे सम्मानित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 1 जनवरी।
हिंदी पुरोधा, राष्ट्र भाषा सेनानी भगवती प्रसाद जी देवपुरा स्मृति राष्ट्रीय बाल साहित्य सम्मान 2025 हेतु का आयोजन नाथद्वारा राजस्थान में होगा। इस राष्ट्रीय बाल साहित्य सम्मान समारोह में छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ बाल साहित्यकार बलदाऊ राम साहू दुर्ग और सुपरिचित बाल साहित्यकार कन्हैया साहू अमित भाटापारा का भी चयन हुआ है। इन दोनों बाल साहित्यकारों को रविन्द्र गुर्जर (अप्पू) स्मृति सम्मान 2025 से सम्मानित किया जाएगा। 

यह आयोजन 5 और 6 जनवरी को देवपुरा साहित्य मण्डल नाथद्धारा में संपन्न होगा। इस अखिल भारतीय राष्ट्रीय बाल साहित्य सम्मान समारोह में देशभर से ख्यातिप्राप्त बाल साहित्यकार सम्मिलित होंगे। विदित हो कि छत्तीसगढ़ में बाल साहित्य के आधार स्तंभ बलदाऊ राम साहू के दर्जनों बाल साहित्य की किताबें प्रकाशित हैं। वे सतत एवं उत्कृष्ट बाल साहित्य सृजन कर रहे हैं। वहीं कन्हैया साहू अमित ने अपने मौलिक बाल पहेलियों, बालगीतों, बाल कविताओं से बाल साहित्य के क्षेत्र में एक विशिष्ट स्थान बनाया है। बाल साहित्य में इनके समग्र योगदान को देखते हुए इन्हे बाल साहित्य सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। देवपुरा साहित्य मण्डल के आमंत्रण पर छत्तीसगढ़ के ये दोनों बाल साहित्यकार नाथद्वारा राजस्थान में सम्मान हेतु उपस्थित होंगे।
 


अन्य पोस्ट