बलौदा बाजार

कांग्रेस का संविधान बचाओ अभियान, भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप
14-Dec-2024 3:45 PM
कांग्रेस का संविधान बचाओ अभियान, भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 14 दिसंबर।  जिला कांग्रेस कमेटी बलौदाबाजार द्वारा संविधान बचाओ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला कांग्रेस कार्यालय में संपन्न हुआ, जिसमें कांग्रेस के प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। इस अवसर पर जिला प्रभारी अशोक आहूजा, पूर्व मंत्री शिवकुमार डहरिया, जिला अध्यक्ष हितेन्द्र ठाकुर, बलौदाबाजार विधानसभा के कांग्रेस प्रत्याशी शैलेश नितिन त्रिवेदी, गोपी साहू, और पूर्व विधायक जनकराम वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पूजा-अर्चना के साथ की गई। इसके बाद संविधान बचाओ अभियान का औपचारिक उद्घाटन हुआ। इस दौरान वक्ताओं ने भारतीय संविधान के महत्व और उसकी रक्षा की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारें संविधान को कमजोर करने की साजिश कर रही हैं। शिवकुमार डहरिया ने कहा, हमारी सरकार ने 70 सालों तक संविधान की रक्षा की है, लेकिन अब संविधान खतरे में है। भाजपा संविधान के साथ छेड़छाड़ कर रही है। बलौदा बाजार विधानसभा के कांग्रेस प्रत्याशी शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा, भाजपा द्वारा ‘हिंदू खतरे में है’ का झूठा प्रचार किया जा रहा है। वास्तविकता यह है कि हिंदू नहीं, बल्कि संविधान खतरे में है। हमारा कर्तव्य है कि हम इसे बचाएं। इस अवसर पर कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संविधान बचाने के लिए आगे आने और जन आंदोलन को तेज करने के निर्देश दिए गए। अशोक आहूजा ने कहा, संविधान हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था की आत्मा है। इसे बचाने के लिए हमें एकजुट होकर काम करना होगा।

हितेन्द्र ठाकुर ने कहा, कांग्रेस का यह अभियान सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि भाजपा की संविधान विरोधी नीतियों के खिलाफ लड़ाई है। कार्यक्रम के दौरान यह निर्णय लिया गया कि आने वाले दिनों में कांग्रेस कार्यकर्ता हर गांव और कस्बे में जाकर संविधान बचाओ अभियान को मजबूत करेंगे।

 इसके तहत रैलियां, जनसभाएं और विभिन्न प्रकार के आंदोलन किए जाएंगे। कार्यक्रम के अंत में भाजपा सरकार को कड़ी चेतावनी दी गई। नेताओं ने कहा कि यदि संविधान के साथ छेड़छाड़ की गई तो कांग्रेस सडक़ों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी।

कार्यक्रम में शामिल कार्यकर्ताओं की भारी भीड़

कार्यक्रम में जिले भर से आए कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने भाग लिया। यह आयोजन न केवल कांग्रेस के लिए, बल्कि आम जनता के बीच भी संविधान की रक्षा का संदेश देने में सफल रहा।

संविधान बचाओ अभियान के तहत कांग्रेस ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वह भाजपा की नीतियों और संविधान को कमजोर करने की कोशिशों के खिलाफ हमेशा खड़ी रहेगी।


अन्य पोस्ट