बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 1 दिसंबर। दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने चक्रवाती तूफान फेंगल का प्रभाव जिले में भी अब स्पष्ट रूप से देखा जा रहा है। यहां के मौसम ने अचानक करवट ले ली है। ठंडी हवा और बारिश ने पूरे अंचल को कपकपा दिया है। लोग दिनभर गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। जबकि शाम के समय जगह-जगह अलाव जलाकर ठंड से राहत पाने का प्रयास करते दिखे।
विभाग के अनुसार यह तूफान पश्चिम उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। जिसके परिणाम स्वरुप शनिवार को पूरे जिले में बादल छाए रहे और वनांचल में हल्की बारिश दर्ज की गई। रविवार को भी जिले के कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। शनिवार को जिले का न्यूनतम तापमान लगभग 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि वनांचल क्षेत्र में यह तापमान और भी कम होकर 14 डिग्री तक पहुंच गया।
मौसम विभाग ने जानकारी दी कि इस चक्रवात के प्रभाव से राज्य में नमी का स्तर बढ़ रहा है। जिससे मौसम में बदलाव हो रहा है मौसम वैज्ञानिक जेपी थॉमस के अनुसार आगामी दिनों में प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर आकाश के आंशिक रूप से बादल में रहने की संभावना है। रविवार सुबह कोहरा छाए रहने की भी संभावना जताई गई है जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है।


