बलौदा बाजार

छरछेद हत्याकांड : मास्टरमाइंड बैगा बंदी
01-Oct-2024 10:45 PM
छरछेद हत्याकांड : मास्टरमाइंड बैगा बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 1 अक्टूबर। बलौदाबाजार जिले की कसडोल पुलिस ने छरछेद में चार लोगों की हत्या में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया।

ज्ञात हो कि जादू-टोना करने के शक में 12 सितंबर की शाम छरछेद में एक साथ 4 लोगों (2 महिला, 1 पुरुष एवं 11 माह का बच्चा) की हत्या कर दी थी। पुलिस ने एक अपचारी बालिका सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

प्रकरण में पुलिस टीम द्वारा गवाहों से पूछताछ एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर एक अन्य आरोपी ईतवारी राम पटेल का घटना में संलिप्त होना पाया गया। साथ ही जांच एवं विवेचना क्रम में प्रकरण में टोनही प्रताडऩा निवारण अधिनियम 2005 की धारा 04,05,06 भी जोड़ी गई है।

जानकारी एवं पूछताछ के अनुसार, हत्या करने वाले आरोपी घटना के कुछ दिन पहले आरोपी बैगा ईतवारी राम पटेल हटौद थाना कसडोल से मिलने गए थे, जिसमें ईतवारी राम द्वारा आरोपियों को उनकी बच्ची की तबीयत खराब होने का कारण मृतकों द्वारा जादू टोना करना बताया गया जिस पर से दुष्प्रेरण में आकर आरोपियों द्वारा एक राय होकर मृतक परिवार के चार लोगों की हत्या कर दी गई।  पुलिस ने आरोपी ईतवारी राम को 30 सितंबर को गिरफ्तार किया। संपूर्ण मामले में पुलिस ने अब तक 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।


अन्य पोस्ट