बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 1 अक्टूबर। शक्ति आराधना के महापर्व नवरात्र में भाटापारा में विविध भक्तिमय आयोजनों की अनुपम छटा बिखरती है। इसी कड़ी में सरयूपारी ब्राम्हण समाज महिला प्रकोष्ठ द्वारा भी प्रतिवर्ष अपनी भक्तिमय अभिव्यक्ति गरबा उत्सव के रुप में प्रदान की जाती है। इस वर्ष भी इसकी अनुपम छटा 9 अक्टूबर को दिखाई देगी।
गरबा शक्ति आराधना का एक ऐसा सुरमयी संगीत मयी तथा नृत्य की विधा को अपने आप में समेटे एक ऐसा अनुपम माध्यम है, जो सहज ही सरसता एवं मधुरता का भक्तिमय वातावरण निर्मित करती है,और वर्ष दर वर्ष इस विधा के प्रति लोगों का उत्साह बढ़ता हुआ ही प्रतीत हो रहा है। सरयूपारी ब्राम्हण सम्मान महिला प्रकोष्ठ द्वारा भी विगत कई वर्षों से इस भक्तिमय मनोरम अनुष्ठान को संपादित किया जा रहा है। इस वर्ष भी सप्तमी के दिन कान्यकुब्ज भवन पुष्प मंगलम में गरबा उत्सव की मनोरम छटा नजर आएगी।
आयोजन को लेकर परिश्रम और उत्साह की बानगी बालिकाओं एवं महिलाओं में स्पष्ट रुप से परिलक्षित हो रही है, तथा सरयू सदन मे तैयारियों का दौर निरंतर जारी है,गरबा नृत्य की प्रशिक्षिका राशी तिवारी के प्रशिक्षण में बड़ी संख्या में समाज की महिलाओं एवं बालिकाओं द्वारा गरबा नृत्य का प्रशिक्षण लिया जा रहा है।
आयोजन में भागीदारी के रूप में सीमा तिवारी, ऊषा मिश्रा, ममता दीवान, भावना शुक्ला, सरिता शर्मा, निशा शर्मा, आराध्या शर्मा, वंशिका पांडेय, रिया माही शर्मा आदि द्वारा प्रमुख भूमिका का निर्वहन किया जा रहा है।


