बलौदा बाजार

गाज से 7 की मौत, 3 जख्मी
09-Sep-2024 4:17 PM
गाज से 7 की मौत, 3 जख्मी

पेड़ के नीचे बैठकर बात कर रहे थे 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
बलौदाबाजार, 9 सितंबर।
रविवार को बलौदाबाजार जिले के मोहतरा गांव में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 7 ग्रामीणों की मौत हो गई, वहीं तीन लोग घायल हो गए। इसमें एक की हालत गंभीर है। सभी पेड़ के नीचे बैठकर बातचीत कर रहे थे।

मिली जानकारी के अनुसार बलौदाबाजार गांव के कुछ व्यक्ति तालाब किनारे पेड़ के नीचे बैठकर बातचीत कर रहे थे। तभी अचानक मौसम बदला और आकाशीय बिजली चमकी। इसकी चपेट में 7 लोग आ गए और काल के गाल में समा गए।

आकाशीय बिजली की चपेट में आने से सुरेश साहू, संतोष साहू, पप्पू साहू, पोखाराम विश्वकर्मा, थानेश्वर साहू,देवदास, विजय साहू की मौत हो गई, वहीं चेतन साहू, बिंदराम साहू और बिसंभर साहू घायल हैं। उनका इलाज अस्पताल में जारी है।

घटना के बाद बड़ी संख्या गांववाले जिला अस्पताल पहुंचे। सात लोगों की मौत से गांव में शोक की लहर है। पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा ने लोगों को ढांढस बंधाया।
आकाशीय बिजली गिरने से घायलों से मिलने कलेक्टर दीपक सोनी जिला चिकित्सालय पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर चिकित्सा के लिए निर्देश दिए, वहीं मृतकों के परिजनों का ढांढस बंधाया।

सीएम ने दुख जताया
सीएम विष्णु देव साय ने घटना पर दुख जाहिर किया है। श्री साय ने कहा कि बलौदाबाजार जिले के मोहतरा गांव में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 7 ग्रामीणों की मृत्यु और कई लोगों के घायल होने की दु:खद सूचना प्राप्त हुई है। 
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा घायलों को त्वरित इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। प्रशासन को बेहतर इलाज की व्यवस्था करने और अन्य आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि मेरी संवेदनाएं मृतकों के परिजनों के साथ है। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
 


अन्य पोस्ट