बलौदा बाजार

सेक्स स्कैंडल : फरार महिला आरोपी गिरफ्तार
11-Jul-2024 7:14 PM
सेक्स स्कैंडल : फरार महिला आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 11 जुलाई। बलौदाबाजार के बहुचर्चित सेक्स स्कैंडल में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस को चकमा देकर तीन महीने से फरार चल रही महिला पुष्पमाला फेकर को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

बताया जा रहा है कि महिला अपने वकील से मिलने पहुंची थी। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया है। इस मामले में पहले ही पुलिस चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिन्हें अदालत से जमानत मिल चुकी है, वहीं इसमें अभी भी तीन आरोपी शिरीष पांडे, आशीष शुक्ला और हीरा कली बंजारे फरार हैं। यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

ज्ञात हो कि  सेक्स स्कैंडल कांड के मुख्य आरोपी शिरीष पांडे ने गिरफ्तारी से बचने के लिए कोर्ट में जमानत की अर्जी लगाई थी, जिसमें कोर्ट ने शिरीष पांडे के पुराने रिकॉर्ड को देखते हुए अग्रिम जमानत अर्जी खारिज कर दी।

बलौदाबाजार में लंबे समय से चल रहे सेक्स स्कैंडल कांड में कई सफेदपोश लोगों के नाम सामने आए थे, इसमें कई जनप्रतिनिधि, पुलिसकर्मी, वकील, कथित पत्रकार व अन्य की भूमिका संदिग्ध पाई गई थी।

सेक्स स्कैंडल के आरोपियों पर एसपी ने घोषित किया है इनाम

सेक्स स्कैंडल के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कोशिशों के बाद भी पुलिस को कामयाबी नहीं मिल रही थी। जिसके बाद तत्कालीन एसपी सदानंद कुमार ने 7 जून 2024 को 4 आरोपियों को पकडऩे में मदद करने वाले को पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की थी। जिसके बाद पुलिस ने  9 जुलाई को चार आरोपियों में से एक महिला आरोपी पुष्पमाला फेकर को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है।


अन्य पोस्ट