बलौदा बाजार

भाजपा पार्षदों का नपा के सामने प्रदर्शन मुख्य द्वार पर जड़ा ताला, नारेबाजी
21-Jun-2023 6:53 PM
भाजपा पार्षदों का नपा के सामने प्रदर्शन मुख्य द्वार पर जड़ा ताला, नारेबाजी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भाटापारा, 21 जून। भाजपा पार्षद दल भाटापारा द्वारा नगरपालिका परिषद भाटापारा का घेराव किया गया, पार्षदों द्वारा नगरपालिका अध्यक्ष नगरीय प्रशासन मंत्री और सीएमओ के खिलाफ नारे बाजी करते हुए नगरपालिका के सामने  मटका फोड़ा गया  और पालिका के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया गया। भाजपा पार्षदों ने पालिका प्रशासन पर आरोप लगाया कि शहर में पेयजल व्यवस्था पूरी तरह से चौपट है शहर में इस भीषण गर्मी में पानी के लिए आम जनता विशेषकर महिलाओं को भटकना पड़ रहा है, पर इस भीषण गर्मी में कोई जवाबदार व्यक्ति दिखाई नहीं दे रहा है।

सफाई व्यवस्था का भगवान मालिक है, प्रधानमंत्री आवास योजना में भारी भ्रष्टाचार व्याप्त है आवास योजना मे सलिप्त कर्मचारियों द्वारा हितग्राहियों से पैसे का लेनदेन का भी भाजपा पार्षदों ने आरोप लगाया।

भाजपा पार्षद दल द्वारा प्रमुख बिंदुओं पर अपनी मांग एसडीएम नरेन्द्र बंजारा, तहसीलदार, मुख्यनगर पालिका अधिकारी को सौंप दिया गया। व्याप्त समस्या का निराकरण 15 दिन में नहीं होने पर भाजपा पार्षद दल के साथ आम जनता व भाजपा कार्यकर्ता द्वारा नगरपालिका परिषद भाटापारा के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा।

भाजपा पार्षद दल के नेता व्यासनारायण यदु, सुनील यदु,गोवेर्धन डहरिया, देवेंद्र साहू, आशीष तोडर बंटी टंडन व महिला मोर्चा, युवा मोर्चा के कार्यकर्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट