बलौदा बाजार

धूमधाम से मनाया राम जन्मोत्सव, विधायक भी थिरके
01-Apr-2023 8:07 PM
धूमधाम से मनाया राम जन्मोत्सव, विधायक भी थिरके

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भाटापारा, 1 अप्रैल। रामनवमी पर शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। हिंदू संगठनों की ओर से निकाली गई शोभायात्रा व रैली यज्ञ स्थल नाका नम्बर एक से निकाली गई जो कि पूरे नगर भ्रमण होते हुए राम सप्ताह चौक पर विराम किया गया। इस दौरान शहर मे जय श्री राम का नारा गूंज उठा।शोभायात्रा के रास्ते भर में स्वागत हुआ। जगह-जगह चौक-चौराहों पर पुष्प वर्षाकर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। शोभायात्रा में जा रहे हैं श्रद्धालुओं का स्वागत शरबत और ठंडे पेय से किया गया। जिस जगह से शोभायात्रा गुजरी, वहां अलग अलग समाज के लोगो द्वारा प्रसाद का वितरण किया। इसके साथ ही शोभायात्रा में शामिल हुए लोगों को शरबत, पानी, मिठाई, फल भी दिया गया।

डीजे की धुन पर महिला, बच्चे, पुरुष जमकर थिरके। जनप्रतिनिधि भी डीजे की धुन पर नाचते दिखाई दिये। भाटापारा विधायक शिवरतन शर्मा महारानी चौक से शोभायात्रा के साथ सम्पूर्ण नगर भ्रमण तक पूरे समय शोभायात्रा के साथ रहे। विधायक शिवरतन शर्मा ने राम सप्ताह के पास लगभग 25 फिट भगवा झंडा लहराया, और युवाओं के साथ नाचते हुए उनका उत्साह वर्धन किया।

 विधायक शर्मा ने रामनवमी पर कहा, भाटापारा नगर में श्री राम जन्मोत्सव का कार्यक्रम पूरे भव्यता के साथ हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति में संपन्न हुआ है। उन्होंने कहा, रामनवमी पर पूरे प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं एवं आयोजन समिति के सभी सदस्यों को भव्य सफल आयोजन के लिए बधाई शुभकामनाएं दी।


अन्य पोस्ट