बलौदा बाजार

कीर्तन मंडली देती है सुबह उठने का संदेश
कार्तिक पूर्णिमा के दिन रखते हैं बालभोज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सरसींवा, 14 नवम्बर। स्थानीय सत्संगी कीर्तन मंडली द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी कार्तिक मास में सुबह प्रभात फेरी निकाली जा रही है। वही रात्रि में कार्तिक रामायण भजन कीर्तन किया जा रहा है, जिससे सरसींवा में धार्मिक वातावरण निर्मित हो गया है। वहीं कार्तिक पूर्णिमा के दिन बाल भोज का कार्यक्रम में रखते हैं।
सत्संगी कीर्तन मंडली नगर के सभी गली मोहल्ले एवं देवी देवालयों के समीपस्थ भजन कीर्तन करते हुए प्रभात फेरी लगाते भोर में लोगों को उठने का संदेश दे रहे हैं। सुबह सुबह चार बजे से छ: बजे तक भगवान का संगीतमय भजन कीर्तन से धार्मिक वातावरण निर्मित हो गया है। प्रबुद्ध जन अपने मोहल्ला से कीर्तन मंडली गुजरते समय स्वयं उठकर भजन कीर्तन पार्टी में शामिल होकर भजन कीर्तन करते देखे जा सकते हैं। वही रात्रि में भोजन के बाद पुन: सभी कार्यकर्ता एकत्रित होकर कार्तिक रामायण पाठ कर श्रवण करते हैं।
उक्त कार्यक्रम को सुचारू रूप से व्यवस्थित बनाने में सरसींवा के धार्मिक प्रेमियों का विशेष सहयोग मिल रहा है। साथ ही सत्संगी कीर्तन पार्टी के कार्यकर्ता बन्धु क्रमश: घासी यादव, गोपाल, कुंदन, राधे, पिला दाऊ, दुर्गेश, दीपक, कपिल, राकेश, राजेश, अरुण दिलचंद्र, मोटू, मुकेश, छोटू, सुरेश, संजय, अनुराग कार्तिक, लाला, सौम्या, महेंद्र, अक्षय एवं छोटे कपिल इत्यादि पूरे समय कार्यक्रमों में शामिल रहते हैं।