बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 6 फरवरी। जिला मुख्यालय स्थित जिला अस्पताल के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री को लेकर स्थानीय नागरिकों और मरीजों के परिजनों ने शिकायतें की हैं। नियमों के अनुसार अस्पताल परिसर और उसके आसपास तंबाकू, गुटखा एवं अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री प्रतिबंधित है, इसके बावजूद इस क्षेत्र में इनकी बिक्री होने की बात कही जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल के सामने और आसपास कुछ दुकानों में तंबाकू और गुटखा खुलेआम बेचे जा रहे हैं। इसके अलावा कुछ स्थानों पर शराब बिक्री से जुड़ी गतिविधियों की भी शिकायतें सामने आई हैं। इस संबंध में नागरिकों का सवाल है कि संबंधित विभागों द्वारा इस पर प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है।
वाशरूम में गंदगी की समस्या
जिला अस्पताल के वाशरूम में साफ-सफाई की स्थिति को लेकर भी मरीजों और उनके परिजनों ने असंतोष व्यक्त किया है। उनका कहना है कि कई बार वाशरूम में कचरा जमा हो जाता है और सफाई व्यवस्था पर्याप्त नहीं रहती। कुछ परिजनों द्वारा गुटखा-तंबाकू का उपयोग कर वहीं थूक देने के कारण भी गंदगी फैलती है, जिससे मरीजों को परेशानी होती है। अस्पताल आने वाले लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र जैसे संवेदनशील स्थान पर स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
होटल में अवैध शराब बिक्री की शिकायत
अस्पताल क्षेत्र से लगे एक होटल में अवैध रूप से शराब परोसने की शिकायतें भी मिली हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार बिना अनुमति के शराब बिक्री की गतिविधियां संचालित हो रही हैं, जो नियमों का उल्लंघन है।
जिम्मेदार विभागों पर उठ रहे सवाल
इन शिकायतों के बाद अब संबंधित विभागों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि— पुलिस प्रशासन द्वारा नियमित निगरानी की जानी चाहिए, आबकारी विभाग को अवैध शराब बिक्री पर कार्रवाई करनी चाहिए, नगर प्रशासन को साफ-सफाई व्यवस्था सुधारने की आवश्यकता है।
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि अस्पताल परिसर के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने और साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए प्रशासन द्वारा ठोस कदम उठाए जाएं।


