बलौदा बाजार

सांभर का शिकार, 4 गिरफ्तार
27-Oct-2021 4:31 PM
सांभर का शिकार, 4 गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कसडोल/पिथौरा, 27 अक्टूबर।
बलौदाबाजार वन मण्डल के अर्जुनी वन परिक्षेत्र में सांभर का शिकार के एक मामले में वन विभाग ने चार आरोपियों को पकड़ कर रिमांड पर जेल भेज दिया है।

उक्त कार्रवाई वन मंडलाधिकारी बलौदाबाजार के. आर. बढ़ई के आदेशानुसार एवं उपवन मंडलाधिकारी कसडोल विनोद सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं वन परिक्षेत्र अधिकारी संतोष चौहान के निर्देशानुसार सोमवार को की गई।

मिली जानकारी के अनुसार अर्जुनी वन परिक्षेत्र के महराजी सर्कल के वन स्टाफ द्वारा लगातार गश्त की जा रही है। सोमवार को वन परिसर दक्षिण महराजी क. क्र.360 महराजी से अर्जुनी मार्ग  कुरूपाठ के पास मादा सांभर (गर्भवती) को कुत्तों से आखेट कर कुल्हाड़ी से सिर को मारकर शिकार किया गया। सांभर के सिर पर कुल्हाड़ी से वार का चोट दिखा। घटना की जानकारी एसडीओ विनोद सिंह ठाकुर एवं रेंजर संतोष चौहान को दी गयी। घटना की गंभीरता को देखते हुए दोनों अधिकारी अपने स्टाफ के साथ आसपास पेड़ों की ओट में छिप कर मृत सांभर को लेने आने वाले शिकारियों की प्रतीक्षा करने लगे।

करीब 1 घंटे बाद दो ग्रामीण मृत सांभर को लेने पहुंचे ही थे कि वन कर्मियों ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया। इसके बाद पूछताछ में उन्होंने शिकार करने की बात स्वीकार करते हुए अपने दो अन्य साथियों का नाम भी बता दिया, जिन्हें बगैर देर किए वनकर्मियों ने छापेमारी कर दबोच लिया। आरोपियों के नाम बंगलापली निवासी गणेश मांझी (26), दबेल मांझी (56), फुलसिंग मांझी (28) एवं कमलेश मांझी बताया गया है।

आरोपियों के पास से कुल्हाड़ी, थैला, मोटर साइकिल सीजी 13 एके 2131 को जब्त कर महराजी मुख्यालय लाया गया तथा वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई कर आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। जिसमें विभाग के स.प. महराजी, बसंत  खांडेकर तृप्ति कुमार जायसवाल परिसर रक्षी महकोनी, राजेश्वर वर्मा परिसर रक्षी उत्तर महराजी, रविंद्र कुमार पांडे परिसर रक्षी दलदली, चंद्रभुवन मनहरे परिसर रक्षी गिरौद, नरोत्तम पैकरा परिसर रक्षी दक्षिड़ महराजी, सुनीता पैकरा परिसर रक्षी पूर्व महराजी एवं सुरक्षा श्रमिकों का योगदान रहा।
 


अन्य पोस्ट