बालोद

सीएम से नपाध्यक्ष ने की मुलाकात
13-Oct-2026 7:31 PM
सीएम से नपाध्यक्ष ने की मुलाकात

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दल्लीराजहरा, 13 अक्टूबर। दल्लीराजहरा नगर पालिका अध्यक्ष तोरण लाल साहू ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर बीएसपी की अनुपयोगी 130 एकड़ जमीन को राजस्व विभाग को हस्तांतरित करने तथा खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) से विकास कार्य स्वीकृत करने के संबंध में ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि दल्लीराजहरा नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 1, 2, 3, 5, 7, 9, 10, 11, 12, 13, 16, 17 और 23 के अंतर्गत आने वाली अनुपयोगी व लीज क्षेत्र से बाहर की लगभग 130 एकड़ भूमि को छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व विभाग को हस्तांतरित किया जाए। इन वार्डों की आबादी 15,000 से अधिक है और निवासी पिछले 50-60 वर्षों से यहां बसे हुए हैं। वर्ष 1993 में बीएसपी द्वारा कराए गए सर्वे के दौरान कुल 400 एकड़ अनुपयोगी जमीन में से 270 एकड़ जमीन राजस्व विभाग को हस्तांतरित कर दी गई थी, जबकि 130 एकड़ जमीन शेष रह गई थी। एनओसी न मिलने के कारण इन क्षेत्रों में विकास कार्य और शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने में बाधा उत्पन्न हो रही है।

इस प्रमुख मांग पर सांसद भोजराज नाग ने केंद्रीय इस्पात मंत्री और सेल प्रबंधन से चर्चा कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है। इसके अतिरिक्त, नपा अध्यक्ष ने कहा कि पिछले 60 वर्षों से लौह अयस्क के अनवरत दोहन के बावजूद क्षेत्र में अपेक्षित विकास नहीं हुआ है, इसलिए खनिज न्यास निधि से नगर के अधूरे व नए विकास कार्यों को पूरा कराया जाए। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन देते हुए संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।


अन्य पोस्ट