बालोद
पुलिस आरोपियों का सर मुंडाकर पैदल कोर्ट ले गई, वकीलों ने पैरवी से किया इंकार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दल्लीराजहरा, 7 अक्टूबर। बालोद शहर के सिंचाई कॉलोनी क्षेत्र में लाइब्रेरी से घर लौट रही पुलिस कर्मी की बेटी 22 वर्षीय छात्रा पर हुए एसिड अटैक के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 8 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में घटना का मास्टरमाइंड यश कुमार सोनकर और उसका साथी करण कुंजाम शामिल हैं।
पुलिस मंगलवार शाम आरोपियों का सर मुंडाकर पैदल कोर्ट ले गई। घटना को लेकर जिले में भारी आक्रोश देखने को मिला। मंगलवार को जब आरोपियों को पुलिस न्यायालय में पेश करने ले जा रही थी, तब आक्रोशित भीड़ ने आरोपियों पर स्याही फेंकी व पिटाई का प्रयास किया। स्थानीय अधिवक्ताओं (वकीलों) ने आरोपियों की पैरवी करने से इनकार कर दिया है, वहीं छात्र-छात्राओं ने सख्त सजा की मांग की है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एसिड और घटना के समय पहने गए कपड़े जब्त कर लिए हैं। एसपी ने स्पष्ट किया कि दुर्ग स्थित जिस विक्रेता से अवैध रूप से एसिड खरीदा गया था, उस पर भी नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सोमवार को दोपहर करीब 12.30 बजे लाइब्रेरी से घर लौट रही युवती पर एसिड फेंक दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद युवती को तत्काल जिला अस्पताल बालोद ले जाया गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी तांदुला डैम की ओर भाग गया। युवती का रायपुर में इलाज जारी है।
पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन में सर्च अभियान शुरू किया गया। उप पुलिस अधीक्षक विनय साहू के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर घटना स्थल के साथ-साथ शहर के अलग-अलग स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का संदेह युवती के कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर पर गया।
पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 8 घंटे में दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान यश ने शुरुआत में कई मनगढ़ंत कहानियां बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।
कड़ाई से पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी यश कुमार सोनकर (20 वर्ष, बालोद) युवती द्वारा शादी से मना करने तथा अन्य जगह अफेयर के संदेह से नाराज था। उसने अपने बीजापुर निवासी दोस्त करण कुंजाम (20 वर्ष) के साथ मिलकर 3 माह पूर्व एसिड अटैक की योजना बनाई थी। दुर्ग से खरीदे गए एसिड से करण ने वारदात को अंजाम दिया।
एसिड जहां से लिया गया,
वहां भी होगी कार्रवाई
एसपी किरण गंगाराम चव्हाण ने बताया कि पूरे मामले में दुर्ग से अपराधियों ने एसिड खरीदा है, उस पर भी जांच चल रही है। एसिड बेचने वाले के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया, दोनों आरोपी बीजापुर में रहकर पढ़ाई करते थे, जिसकी वजह से दोनों में दोस्ती थी। इसी दोस्ती की कसम देकर घटना को अंजाम दिया गया है।
वहीं जब मंगलवार शाम 5 बजे आरोपियों को न्यायालय में पेश किए जाते समय प्रशासन को आरोपियों के प्रति भारी जनाक्रोश का सामना करना पड़ा। भीड़ द्वारा पिटाई की भी कोशिश हुई और किसी ने आरोपियों पर स्याही भी फेंकी और जूतों की माला पहनाने की कोशिश हुई।
बालोद जिले के पहले एसिड अटैक को लेकर जनता में भारी आक्रोश देखा गया। छात्र-छात्राओं ने आरोपियों को फाँसी की सजा देने की मांग की है। कार्रवाई में डीएसपी विनय साहू, बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा, गुरुर थाना प्रभारी मुकेश सिंह, साइबर प्रभारी धरम भुआर्य एवं कोतवाली/साइबर टीम की सराहनीय भूमिका रही।