बालोद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दल्ली राजहरा, 7 अक्टूबर। जिला पुलिस बालोद, व्यापारी संघ, परिवहन संघ, पत्रकार संघ, अनाज किराना व्यापारी संघ एवं छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को दल्ली राजहरा के जैन भवन चौक में यातायात नियमों, साइबर सुरक्षा और नशा मुक्ति को लेकर वृहद जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्णा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ी फिल्म अभिनेत्री इशिका यादव, अभिनेता भूपेश चौहान तथा नगर पालिका अध्यक्ष तोरण लाल साहू शामिल हुए।
आयोजन के दौरान 70 लोगों के ड्राइविंग लाइसेंस बनाए गए, 15 युवाओं ने रक्तदान किया, चिखलाकसा उप स्वास्थ्य केंद्र द्वारा नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच की गई तथा लगभग 500 नागरिकों को नि:शुल्क हेलमेट वितरित किए गए।
मानपुर चौक से जैन भवन तक विशाल बाइक रैली निकाली गई, जिसका नेतृत्व स्वयं एसपी, एएसपी, एसडीओपी विकास पाटले, थाना प्रभारी सुनील तिर्की एवं आमंत्रित कलाकारों ने बाइक चलाकर किया। रैली में 300 से अधिक नागरिकों ने हेलमेट पहनकर भाग लिया।
एसपी किरण गंगाराम चव्हाण ने आंकड़े प्रस्तुत करते हुए बताया कि बालोद जिले में सडक़ दुर्घटनाओं में मौतों का आंकड़ा 2015 के 200 से बढक़र 2026 में 225 तक पहुंच गया है। उन्होंने नशे में वाहन न चलाने, हेलमेट/सीटबेल्ट का प्रयोग करने और नाबालिगों को वाहन न देने की अपील की।
एसपी ने बताया कि बालोद जिले में पिछले तीन वर्षों में साइबर ठगी के जरिए 30 करोड़ रुपये से अधिक का फ्रॉड हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून में डिजिटल अरेस्ट जैसी कोई व्यवस्था नहीं होती है, अत: ऐसे फर्जी कॉल से न डरें। ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर संपर्क करने की सलाह दी गई।
अधिकारियों व अतिथियों ने युवाओं में फैल रहे सूखे नशे (ड्रग्स व टैबलेट्स) पर चिंता जताते हुए अभिभावकों से बच्चों पर निगरानी रखने और नशा मुक्त समाज बनाने में सहयोग का आह्वान किया।
कार्यक्रम में चित्रकला प्रदर्शनी, शपथ पत्र हस्ताक्षर अभियान और प्रश्नोत्तरी में सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों, रक्तदाताओं व सहयोगी संस्थाओं का सम्मान किया गया। अंत में स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।