बालोद

शराब के विवाद में मां हत्या, आरोपी बेटा गिरफ्तार
17-Aug-2026 8:30 PM
शराब के विवाद में मां हत्या, आरोपी बेटा गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दल्लीराजहरा,17अगस्त। बालोद जिले के डौंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत घोठिया गांव में एक बेटे ने अपनी ही मां की हत्या कर दी। घटना की वजह महिला द्वारा अत्यधिक शराब का सेवन करना और इसे लेकर घर में होने वाला विवाद बताया जा रहा है। डौंडी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान सुशिला बाई गावड़े (50 वर्ष) के रूप में हुई है। आरोपी बेटा लिकेश कुमार गावड़े अपनी मां के अत्यधिक शराब पीने की आदत से परेशान रहता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसा में बदल गई। विवाद के दौरान लिकेश ने घर में रखे लकड़ी के पीढ़े से मां पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण सुशिला बाई की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही डौंडी थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।

एडिशनल एसपी, बालोद चन्द्रकान्त गवर्ना ने बताया कि  डौंडी थाना क्षेत्र के घोठिया गांव में शराब पीने की बात पर हुए विवाद के चलते बेटे ने अपनी मां पर हमला कर हत्या कर दी है। आरोपी पुत्र को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की वैधानिक जांच की जा रही है।


अन्य पोस्ट