बालोद

ट्रेन के सामने प्रेमी जोड़े ने आकर दी जान
07-May-2026 3:57 PM
ट्रेन के सामने प्रेमी जोड़े ने आकर दी जान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दल्लीराजहरा, 7 मई। बालोद जिले के डौंडी थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक प्रेमी जोड़े की लाश मिली है। मृतकों की पहचान 16 साल की नाबालिग छात्रा लिलिसा उइके, निवासी ग्राम साल्हे और 20 वर्षीय युवक जितेश्वर तारम, निवासी कुम्हालोरी के रूप में हुई है।

 

पुलिस के अनुसार जितेश्वर और लिलिशा के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। मंगलवार शाम से लडक़ी लापता थी। उसके परिजन डौंडी थाने पहुंचे थे और लापता होने की शिकायत की थी। इस बीच दल्लीराजहरा-अंतागढ़ रेल मार्ग पर सलहाईटोला स्टॉपेज के पास पैसेंजर ट्रेन के सामने दोनों जान दे दी।घटना के बाद लोको पायलट ने आरपीएफ को सूचना दी। आरपीएफ और डौंडी पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लिया। वहीं, मौके से कुछ दूरी पर सीजी 07 एलयू 9886 नंबर की बाइक भी बरामद हुई है, जो मृतक युवक की बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों की पहचान कर ली है। उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है।

इस मामले में डौंडी थाना प्रभारी उमा ठाकुर ने बताया कि, शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है। दूसरे पहलुओं पर भी जांच की जा रही है।

दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।


अन्य पोस्ट