बालोद
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
दल्लीराजहरा, 5 मार्च । मानपुर चौक में गुरुवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब सड़क किनारे खड़ी एक ट्रक अचानक चल पड़ी और कुछ ही दूरी पर जाकर गड्ढे में घुस गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक क्रमांक सीजी 19 बीक्यू 9505 सड़क किनारे खड़ी थी। रात करीब 2 बजे के आसपास चालक ट्रक के आसपास ही मौजूद था। इसी दौरान ट्रक आइडल स्थिति में होने के कारण धीरे-धीरे आगे बढ़ने लगी।ट्रक को अचानक चलते देख चालक उसके पीछे भागकर उसे रोकने का प्रयास करता रहा, लेकिन तब तक ट्रक मानपुर चौक के पास कमला हॉस्पिटल के बाजू में स्थित भागवत घर के पास जाकर गड्ढे में घुस गई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और न ही कोई घायल हुआ, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
उल्लेखनीय है कि दो-तीन दिन पहले भी पथराटोला में ट्रक चालक को झपकी आने से ट्रक एक दुकान में जा घुसी थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से क्षेत्र के नागरिकों में भय का माहौल बनने लगा है और लोग अब अपने घरों में भी खुद को पूरी तरह सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि लंबे समय से दल्ली राजहरा के लिए बायपास रोड की मांग की जा रही है, ताकि भारी वाहनों का आवागमन शहर के अंदर से कम किया जा सके। वहीं मानपुर चौक के आसपास सड़क किनारे बने बड़े गड्ढों के कारण मोटरसाइकिल सवारों के लिए भी सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है।नागरिकों ने प्रशासन से सड़क की जल्द मरम्मत कर गड्ढों को भरने और भारी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके। भारी वाहनों के बढ़ते दबाव से आमजन त्रस्त हो चुके है।


