बालोद

दीनदयाल जयंती पर रोपे पौधे
27-Sep-2021 5:35 PM
दीनदयाल जयंती पर रोपे पौधे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दल्ली राजहरा, 27 सितंबर।
एकात्म मानववाद के जनक ,अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के जन्मदिवस पर भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा द्वारा हॉस्पिटल परिसर में वृक्षारोपण किया गया ।
इस अवसर पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण करते हुए अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के पूर्व सदस्य अनिल खोबरागड़े ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने समाज के वंचित वर्ग के लोगों के विकास के लिए सदैव साझा सामाजिक दायित्वों को प्राथमिकता दी। 

भारतीय जनता पार्टी दल्ली राजहरा मंडल के महामंत्री राकेश द्विवेदी एवं नगर पालिका दल्ली राजहरा के नेता प्रतिपक्ष बॉबी छतवाल ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का व्यक्तित्व एवं कृतित्व नए भारत के निर्माण में मील का पत्थर साबित हुआ है, उनके मार्ग पर चलकर ही देश का  सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सकता है। 

अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष विक्रम धुर्वे एवं भाजपा मंडल दल्ली राजहरा के पूर्व अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिनिधि राजेश दशोड़े ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने एकात्म मानववाद की प्रासंगिकता के साथ भारतीय मूल्यों पर आधारित जीवन शैली के जरिए समाज, अर्थ ,राजनीति ,पर्यावरण सहित तमाम क्षेत्रों की समस्याओं का समाधान परक विकल्प प्रस्तुत किया।

 जिस पर भारतीय समाज मजबूती से खड़ा है। 
अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हितेश डोंगरे एवं महेंद्र पिपरे ने कहा कि मां भारती के अमर और सच्चे सपूत भारतीय जनसंघ के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय एक महान विचारक एवं आदर्श राष्ट्रवाद के प्रेरणास्रोत रहे हैं , आज भी भारतीय लोकतंत्र में उनके उच्च आदर्शों पर चलकर भारतीय जनता पार्टी अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जनसेवा को समर्पित होकर कार्य कर रही है। 

इस अवसर पर प्रमुख रूप से भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भूपेंद्र श्रीवास, भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष पूर्व पार्षद किरण सिन्हा, भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला मंत्री सोनू ठगेल ,भाजपा दल्ली राजहरा मंडल के मंत्री रमेश गुज्जर ,अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला मंत्री राकेश कोसरे, जिला कार्यसमिति सदस्य पार्षद राजेश काम्बले, सागर गनीर, जसवंता नायक,अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रवीण उइके, आदि उपस्थित थे ।
 


अन्य पोस्ट