ताजा खबर

पंचायत चुनाव के पहले चरण में भाजपा समर्थितों का दबदबा, कई प्रमुख हारे भी
18-Feb-2025 5:44 PM
पंचायत चुनाव के पहले चरण में भाजपा समर्थितों का दबदबा, कई प्रमुख हारे भी

पूर्व संसदीय सचिव सिद्धनाथ पैकरा, सीएम के समधी भी बने जिपं सदस्य

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 18 फरवरी। पंचायत चुनाव के पहले चरण में भाजपा को अच्छी सफलता मिली है। पूर्व संसदीय सचिव सिद्धनाथ पैकरा सहित भाजपा-कांग्रेस के कई दिग्गज चुनाव जीतने में सफल रहे। कुछ स्थानीय प्रमुख नेताओं को हार का सामना भी करना पड़ा।

पंचायत चुनाव में पहले चरण में 81.24 फीसदी पोलिंग हुई है। पोलिंग के बाद तुरंत गणना भी शुरू हो गई। पंच, सरपंच, जनपद सदस्य, और जिला पंचायत सदस्यों के लिए मतों की गिनती शुरू हुई। कांग्रेस और भाजपा ने जिला पंचायतों में समर्थित प्रत्याशी घोषित किए हैं। कई बड़े नेताओं के पुत्र-पुत्री, पत्नी, और नजदीकी रिश्तेदार चुनाव मैदान में थे।

भाजपा ने जिला पंचायत के 162 में से 115 में जीत का दावा किया है। कांग्रेस के 24 और बाकी निर्दलीय व अन्य प्रत्याशी हैं।

बेमेतरा में खाद्यमंत्री दयालदास बघेल के बेटे अंजू बघेल चुनाव जीत गए। बस्तर में भाजपा को बड़ी सफलता मिली है। कांकेर, धमतरी, नारायणपुर, बस्तर में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को जीत हासिल हुई है।

अभनपुर में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धनेन्द्र साहू के बेटे यशवंत साहू जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीत गए हैं। धमतरी में सीएम विष्णुदेव साय के समधी टीकाराम कंवर भी जिला पंचायत सदस्य बनने में कामयाब रहे। रायपुर में पूर्व जनपद अध्यक्ष वेदराम मनहरे को हार का सामना करना पड़ा।

आरंग इलाके में मनहरे को भाजपा विधायक खुशवंत साहेब के भाई सौरभ साहेब को जीत हासिल हुई है। अंबिकापुर में तो भाजपा के प्रभावशाली नेता अपने नजदीकी रिश्तेदारों को चुनाव जीताने में कामयाब रहे, लेकिन कई चुनाव हार भी गए। पूर्व मंत्री चन्द्रशेखर साहू के भांजे टीकम साहू की हार हुई है।

सरगुजा जिला भाजपा के अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया की पत्नी दिव्या सिंह, युवा आयोग के अध्यक्ष विशु तोमर की पत्नी चुनाव जीत गई हैं। सामरी से दो बार के विधायक रहे पूर्व संसदीय सचिव सिद्धनाथ पैकरा चुनाव जीत गए हैं। उनकी पत्नी उद्धेश्वरी पैकरा भाजपा की विधायक हैं। इससे परे कई प्रमुख नेताओं को हार का सामना करना पड़ा है।

जिला पंचायत अध्यक्ष फुलेश्वरी सिंह, दिवंगत पूर्व सांसद मुरारीलाल सिंह की पुत्रवधु पुष्पा सिंह चुनाव हार गई हैं। सूरजपुर जिले में भाजपा 6 में से 6 सीट हार गई। यहां कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी चुनाव जीते हैं। मनेन्द्रगढ़ में भी दो जगहों पर भाजपा समर्थित जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी को हार का सामना करना पड़ा है। इनमें जिला पंचायत अध्यक्ष रेणुका सिंह भी शामिल है।

जशपुर में कांग्रेसनेत्री आशिका कुजूर जिला पंचायत का चुनाव जीत गई हैं। उनके साथ मोनिका टोप्पो भी चुनाव जीत गई हैं। यहां भाजपा समर्थित एक ही प्रत्याशी गैंद बिहारी सिंह चुनाव जीतने में कामयाब रहे।


अन्य पोस्ट