‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 9 फरवरी। दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है, जिसमें केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री और बिलासपुर सांसद तोखन साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जिन चार विधानसभा सीटों की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई थी, वहां भाजपा ने जीत दर्ज की।
तोखन साहू की जिम्मेदारी वाली सीटों पर भाजपा की जीत इस प्रकार रही- मॉडल टाउन से अशोक गोयल ने 13,415 वोटों से जीत दर्ज की। संगम विहार से चंदन कुमार चौधरी 344 वोटों से विजयी हुए। मुंडका से गजेंद्र द्राल ने 10,550 वोटों से जीत हासिल की तथा नई दिल्ली से प्रवेश साहिब सिंह ने 4,089 वोटों से जीत दर्ज की।
दिल्ली में मिली जीत पर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ जश्न मनाते हुए तोखन साहू ने कहा कि दिल्ली चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जादू चला है। यह सिर्फ एक चुनाव नहीं था, बल्कि भ्रष्टाचार के खिलाफ एक जनादेश था। अब हम पूरी ताकत से दिल्ली के विकास के लिए काम करेंगे ताकि हर नागरिक का सपना साकार हो।
तोखन साहू ने दिल्ली चुनाव में दिल्ली में कई जनसभाएं कीं, घर-घर जाकर प्रचार किया और युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं के साथ लगातार बैठकें कर चुनावी रणनीति बनाई। झारखंड के बाद दिल्ली में भी तोखन साहू ने भाजपा की जीत की रणनीति बनाई और मेहनत की।