ताजा खबर
उत्तरपाड़ा, 24 अप्रैल। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि जब तक पश्चिम बंगाल में भाजपा का एक भी कार्यकर्ता जीवित है, भाजपा वहां “बाबरी मस्जिद” का निर्माण नहीं होने देगी।
हुगली जिले में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए, उन्होंने तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी पर भी निशाना साधा और उन पर निलंबित पार्टी विधायक हुमायूं कबीर को मुर्शिदाबाद जिले में अयोध्या की बाबरी मस्जिद की तर्ज पर एक मस्जिद का निर्माण शुरू करने की अनुमति देने का आरोप लगाया।
शाह ने कहा, “ममता दीदी, याद रखिए कि जब तक बंगाल में एक भी भाजपा कार्यकर्ता जीवित है, हम यहां बाबरी मस्जिद का निर्माण नहीं होने देंगे।”
भाजपा नेता ने पश्चिम बंगाल सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वह शासन, सुरक्षा और रोजगार के मुद्दों पर वह विफल रही है।
उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव बंगाल को आतंक, दंगों और घुसपैठियों से मुक्त करने के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने कहा, “घुसपैठिए गरीबों की नौकरियां और राशन छीन रहे हैं। पांच मई के बाद उनकी पहचान कर उन्हें जेल भेजा जाएगा।” उन्होंने राज्य में अपनी पार्टी की जीत का पूरा भरोसा जताया।
विधानसभा चुनाव के नतीजे चार मई को घोषित किए जाएंगे।
उन्होंने दावा किया कि सत्ता परिवर्तन के बाद महिलाएं रात के दो बजे भी बिना किसी डर के स्वतंत्र रूप से घूम सकेंगी।
राज्य की अर्थव्यवस्था में सुधार का आश्वासन देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद राज्य के सभी बंद उद्योगों को फिर से खोला जाएगा, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। (भाषा)


