ताजा खबर

बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में पखांजूर बंद रहा
24-Apr-2026 8:56 PM
बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में पखांजूर बंद रहा

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

कांकेर, 24 अप्रैल। कांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र के नया पारा में छह घरों पर हुई बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में शुक्रवार को कापसी, पखांजूर और बांदे क्षेत्र में बंद का असर देखा गया। बंद के दौरान कई स्थानों पर दुकानें बंद रहीं, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ।

जानकारी के अनुसार, हाल ही में प्रशासन द्वारा नया पारा क्षेत्र में छह मकानों पर कार्रवाई की गई थी। इस कार्रवाई के विरोध में बंग समाज ने बंद का आह्वान किया था, जिसे अन्य समुदायों का भी समर्थन मिलने की बात कही जा रही है।

बंद के दौरान पखांजूर में प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम कार्यालय का घेराव कर विरोध दर्ज कराया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्रवाई को लेकर उनमें नाराजगी है। वहीं, प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि उनकी मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन जारी रहेगा।
परलकोट क्षेत्र में इस मुद्दे को लेकर माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

 


अन्य पोस्ट