सरगुजा
अमेरिकी संस्था ने बनाया इंटरनेशनल जज, उपलब्धि को माँ महामाया के चरणों में करेंगे समर्पित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,12 जून। बच्चों के मानसिक विकास और एकाग्रता प्रशिक्षण के क्षेत्र में कार्यरत ब्रेन एकेडमी के संचालक लाल विजय श्रीवास्तव (लाल जी) को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। उन्हें भारत के ‘टॉप 50 वल्र्ड रिकॉर्ड होल्डर्स’ के प्रतिष्ठित सम्मान से सम्मानित किया गया है। इस उपलब्धि से अंबिकापुर सहित पूरे सरगुजा अंचल में खुशी का माहौल है।
यह सम्मान 6 जून को अहमदाबाद स्थित सिल्वर क्लाउड होटल में आयोजित एक विशेष समारोह में प्रदान किया गया। समारोह में वल्र्ड रिकॉर्ड्स इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पावन सोलंकी, डॉ. पी.के. राजपूत तथा डॉ. पंडित आर.बी. नायर ने उन्हें यह अवार्ड प्रदान किया। कार्यक्रम में देश-विदेश के कई रिकॉर्ड धारकों और विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति रही।
लाल विजय श्रीवास्तव अपनी असाधारण मानसिक एकाग्रता और ध्यान साधना के लिए जाने जाते हैं। बताया जाता है कि उन्होंने 42 डिग्री सेल्सियस तापमान में 12 मिनट 54 सेकंड तक बिना किसी उपकरण के सूर्य की ओर ध्यान केंद्रित कर एक विशेष उपलब्धि दर्ज की थी। इसी क्षमता और उनके रिकॉर्ड को देखते हुए एक अमेरिकी संगठन ने उन्हें ‘ऑफिशियल इंटरनेशनल जज’ नियुक्त करते हुए लाइफटाइम पहचान पत्र भी जारी किया है।
उनकी इस उपलब्धि को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना मिली है। हाल ही में उनका नाम और उपलब्धियां अमेरिका की प्रतिष्ठित यूएसए हेराल्ड मैगजीन के कवर पेज पर भी प्रकाशित हुई हैं। अब सम्मान स्वरूप मिला आधिकारिक मेडल उनके निवास पहुंच चुका है, जिसे देखने और उनसे मिलने के लिए शहरवासियों में उत्साह देखा जा रहा है।
अपनी इस सफलता पर लाल विजय श्रीवास्तव ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि पूरे अंबिकापुर और सरगुजा क्षेत्र का गौरव है। उन्होंने घोषणा की है कि अपनी इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि को सबसे पहले अपनी कुलदेवी माँ महामाया के चरणों में समर्पित करेंगे।
इसके लिए मंदिर परिसर में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें नगरवासियों, विद्यार्थियों और शुभचिंतकों को आमंत्रित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि वसुंधरा बिल्डर्स के के.एन. सिंह के सहयोग और प्रोत्साहन से शुरू हुई उनकी यात्रा अब नए मुकाम की ओर बढ़ रही है। आने वाले समय में वे लंदन और दुबई बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी अपनी उपलब्धियां दर्ज कराने की तैयारी कर रहे हैं।
लाल विजय श्रीवास्तव ने शहरवासियों और मीडिया जगत के लोगों से आगामी कार्यक्रम में शामिल होकर उनका उत्साहवर्धन करने की अपील की है। कार्यक्रम की तिथि शीघ्र घोषित की जाएगी। उनकी इस उपलब्धि को लेकर क्षेत्र के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे सरगुजा के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।


