सरगुजा

घर में खून से लथपथ मिली बुजुर्ग महिला की लाश, हत्या की आशंका
01-Jun-2026 6:42 PM
घर में खून से लथपथ मिली बुजुर्ग महिला की लाश, हत्या की आशंका

लखनपुर, 1 जून। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र के बेलदागी मुख्य मार्ग स्थित एक मकान में सोमवार सुबह 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की लाश खून से लथपथ हालत में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतिका के शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मृतिका की पहचान लक्ष्मी लकड़ा पति स्वर्गीय बैजनाथ लकड़ा, निवासी लखनपुर के रूप में हुई है। सोमवार सुबह लगभग 7.30 बजे घर में काम करने वाली एक युवती जब मकान पहुंची तो उसने महिला को खून से सनी अवस्था में पड़ा देखा। शरीर पर चोट के कई निशान भी दिखाई दिए।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर लखनपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को अपने कब्जे में लिया।

पुलिस के अनुसार मामले की जांच विभिन्न पहलुओं से की जा रही है। फॉरेंसिक टीम की सहायता से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत सामने आई है, वहीं शरीर पर मिले चोट के निशानों के आधार पर हत्या की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा रहा है।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

 


अन्य पोस्ट