सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 19 अप्रैल। ओरिएण्टल पब्लिक स्कूल, अम्बिकापुर की कक्षा 9वीं की छात्रा हर्ष मन्नू केरकेट्टा का चयन राष्ट्रीय स्वात टीम में हुआ है। हर्ष मन्नू नेपाल के काठमांडू में आयोजित सातवीं एशियाई स्वात चैम्पियनशिप 2026 में भाग लेंगी।
प्रतियोगिता 30 अप्रैल से 3 मई तक आयोजित होगी, जिसमें भारत सहित नेपाल, जापान, चीन, हांगकांग, थाइलैंड, न्यूजीलैंड, इंडोनेशिया, उज्बेकिस्तान और तुर्कमेनिस्तान के खिलाड़ी भाग लेंगे।
हर्ष मन्नू ने राष्ट्रीय स्वात स्पर्धा के 17 वर्ष आयु वर्ग के 40-42 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक प्राप्त किया, जिसके आधार पर उनका चयन राष्ट्रीय दल में हुआ।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से उप प्राचार्य तहसीन अहमद खान ने हर्ष मन्नू को सम्मानित कर आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। विद्यालय प्रबंधन ने उनके प्रशिक्षण के लिए स्वात के एक राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञ को दायित्व सौंपा है।


