सरगुजा

महिला रेप-हत्या का आरोपी चिरमिरी से गिरफ्तार
10-Apr-2026 6:51 PM
महिला रेप-हत्या का आरोपी चिरमिरी से गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 10 अप्रैल। अंबिकापुर शहर में हुए बहुचर्चित महिला रेप-हत्या कांड के फरार इनामी आरोपी को पुलिस ने घटना के आठवें दिन चिरमिरी से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही अंबिकापुर पुलिस टीम चिरमिरी पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर अंबिकापुर ले आई है।

गौरतलब है कि 2-3 अप्रैल की दरमियानी रात रिंग रोड से लगे एक मटन शॉप में महिला के साथ रेप के बाद उसकी निर्मम हत्या कर दी गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के निजी अंग में प्लास्टिक की बोतल मिलने, पसलियों की कई हड्डियां टूटने तथा फेफड़े और दिल को गंभीर क्षति पहुंचने का खुलासा हुआ था। सिर पर भी गहरे चोट के निशान पाए गए थे, जिससे घटना की क्रूरता उजागर हुई थी।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की पहचान पांडा उर्फ मिथुन के रूप में की थी, जो घटना के बाद से फरार चल रहा था। बताया गया कि आरोपी मूल रूप से प्रतापपुर क्षेत्र का निवासी है और पिछले करीब सात वर्षों से अंबिकापुर में रह रहा था। वह मृतका के संपर्क में था तथा दोनों कबाड़ बीनने का काम करते थे।

घटना के बाद आरोपी को अंतिम बार रेलवे स्टेशन के पास देखा गया था, जहां उसकी सीसीटीवी फुटेज भी मिली थी। पुलिस ने आरोपी की तलाश में विभिन्न क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों की सहायता से सर्च अभियान चलाया था तथा पूरे संभाग में उसका फोटो और स्केच भेजा गया था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमों का गठन किया गया था तथा उस पर कुल 35 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

शुक्रवार को एमसीबी पुलिस ने आरोपी को चिरमिरी से गिरफ्तार कर इसकी सूचना सरगुजा पुलिस को दी। सरगुजा एसएसपी राजेश अग्रवाल ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को अंबिकापुर ले आया गया है, शीघ्र ही मामले का खुलासा किया जाएगा।


अन्य पोस्ट