सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 27 मार्च। शहर के माता राजमोहिनी देवी वार्ड क्रमांक 12 अंतर्गत हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी मार्ग स्थित नालापारा मोहल्ले के रहवासियों की वर्षों पुरानी सडक़ निर्माण की मांग आखिरकार पूरी हो गई। मंगलवार को महापौर मंजूषा भगत, सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, पार्षद मनोज गुप्ता एवं पूर्व पार्षद रविंद्र गुप्त भारती सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने करीब 21 लाख रुपए की लागत से बनने वाली सडक़ का भूमिपूजन किया।
इस अवसर पर महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि क्षेत्रवासियों द्वारा लंबे समय से सडक़ निर्माण की मांग की जा रही थी। पार्षद मनोज गुप्ता के प्रयासों और संकल्प के चलते आज यह कार्य प्रारंभ हो सका है। उन्होंने बताया कि नगर निगम की प्राथमिकता नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
पार्षद मनोज गुप्ता ने कहा कि नालापारा मोहल्ले के लोग वर्षों से सडक़ जैसी बुनियादी सुविधा के लिए परेशान थे। चुनाव के दौरान मोहल्लेवासियों ने अपनी समस्या बताई थी, जिसके बाद सडक़ निर्माण का वादा किया गया था, जिसे अब पूरा किया जा रहा है।
मोहल्लेवासियों ने बताया कि सडक़ नहीं होने से बारिश के मौसम में नाले जैसा पानी बहता था, जिससे आवागमन में काफी दिक्कत होती थी। कई बार लोगों को अपनी गाडिय़ां दूर खड़ी करनी पड़ती थी। सडक़ निर्माण से अब लोगों को राहत मिलेगी और बच्चों को स्कूल आने-जाने में भी सुविधा होगी।
स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि पूर्व में नगर निगम के तत्कालीन महापौर प्रबोध मिंज के कार्यकाल में पुलिया का निर्माण कराया गया था, लेकिन सडक़ निर्माण नहीं हो सका था। अब नई परिषद के प्रयासों से यह बहुप्रतीक्षित कार्य शुरू होने पर क्षेत्रवासियों ने खुशी जाहिर की है।


