सरगुजा

निगम भवन उद्घाटन में पार्षदों की अनदेखी लोकतंत्र पर हमला-नेता प्रतिपक्ष
15-Feb-2026 4:41 PM
निगम भवन उद्घाटन में पार्षदों की अनदेखी लोकतंत्र पर हमला-नेता प्रतिपक्ष

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,15 फरवरी।
नगर निगम के नए प्रशासनिक भवन के उद्घाटन को लेकर नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने इस कार्यक्रम को आनन-फानन और गोपनीय तरीके से आयोजित किए जाने को लोकतंत्र, पारदर्शिता और स्थानीय स्वशासन की भावना पर सीधा हमला बताया।

शफी अहमद ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि जनता द्वारा चुने गए पार्षदों को, जो नगर निगम की रीढ़ हैं, इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम की सूचना तक नहीं दी गई। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या नगर निगम किसी एक दल या व्यक्ति की निजी संपत्ति है, या फिर यह जनता के जनादेश से चलने वाली संस्था है।

उन्होंने कहा कि पार्षद अपने-अपने वार्डों की समस्याओं के समाधान और विकास योजनाओं की निगरानी में लगातार सक्रिय रहते हैं। ऐसे में शहर के सबसे बड़े प्रशासनिक भवन के उद्घाटन से उन्हें दूर रखना न केवल पार्षदों का, बल्कि उन हजारों मतदाताओं का भी अपमान है जिन्होंने उन्हें चुनकर भेजा है। यह घटना सरकार की तानाशाही मानसिकता और लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति असम्मान को दर्शाती है।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि सार्वजनिक कार्यक्रमों को राजनीतिक मंच बनाकर निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को अलग-थलग करना लोकतंत्र की आत्मा के खिलाफ है। उन्होंने वर्तमान लोकार्पण को मान्यता न देते हुए नगर निगम के नए प्रशासनिक भवन का गरिमामय समारोह आयोजित कर स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में पुन: लोकार्पण कराने की मांग की है।


अन्य पोस्ट